Delhi Premier League 2026: दिल्ली में खेली जा रही दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 का खिताबी मुकाबला 30 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बीच खेला जाएगा। मौजूदा सीजन में इस लीग ने काफी लोक्रप्रियता हासिल की है और इसका मुख्य कारण सभी टीमों के खिलाड़ियों का धमाकेदार प्रदर्शन रहा है।
इस लीग में लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन भी खेल रहे हैं, जिन्होंने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए प्रतियोगिता में सर्वाधिक रन ठोक पहला स्थान प्राप्त कर लिया है। वह ऑरेंज कैप जीतने की दौड़ में सबसे आगे हैं।
पप्पू यादव के बेटे ने बल्ले से मचाया गदर
बिहार की पूर्णिया सीट से सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की कप्तानी कर रहे थे। हालांकि, उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन सार्थक ने इस सीजन बल्ले से कई धमाकेदार पारियां खेली हैं।
दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने इस सीजन खेली 9 पारियों में 54.78 की शानदार औसत से कुल 493 रन बनाए हैं। इस दौरान सार्थक का स्ट्राइक रेट 167.69 का था। 9 पारियों में सार्थक ने 6 अर्धशतक ठोके थे, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 95 रन था। वहीं, मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से 33 दर्शनीय छक्के और 44 चौके देखने को मिले थे।
यश ढुल ने छोड़ा सीजन
सार्थक रजन के बाद ऑरेंज कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स के यश ढुल मौजूद हैं, जिन्होंने मौजूदा सीजन में 9 पारियों में 410 रन बनाए हैं। इस दौरान यश ने 32 छक्के और 35 चौके मारे हैं।
हालांकि, यश 30 अगस्त को होने वाले खिताबी मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का हिस्सा नहीं होंगे। दरअसल, यश दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन का हिस्सा हैं और इसके कारण वह खिताबी मुकाबले क लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में सार्थक रंजन इस सीजन ऑरेंज कैप पर अपना दावा ठोक सकते हैं।
IPL 2027 में मिल सकती है जगह
सार्थक रंजम केे प्रदर्शन पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स की भी पैनी नजर होगी। दरअसल, इस खिलाड़ी को केकेआर ने आईपीएल 2026 की नीलामी में 30 लाख की बेस प्राइज पर खरीदा था, लेकिन पिछले सीजन उनको एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
हालांकि, मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए केकेआर मैनेजमेंट सार्थक पर दांव खेल सकती है। अजिंक्य रहाणे के जाने के बाद वह केकेआर के लिए बतौर ओपनर खेल सकते हैं।
ये भी पढ़ें- असम में 300 करोड़ की लागत से बनेगा नया क्रिकेट स्टेडियम, इन खेलों को भी मिली बड़ी सौगात, सीएम ने की घोषणा