पंजाब में कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के पहुंचने पर विवाद खड़ा हो गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन आम आदमी पार्टी की ओर से किया गया था। कार्यक्रम में सिसोदिया ने पंजाब की भगवंत मान सरकार के लिए बाबा बागेश्वर से आशीर्वाद मांगा। इसी को लेकर सीजेपी के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने उन पर निशाना साधा है और आम आदमी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाए हैं।
विजेता दहिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए मनीष सिसोदिया को जमकर घेरा, उन्होंने सवाल किया कि आखिर आम आदमी पार्टी किस तरह की राजनीति कर रही है? विजेता ने कहा कि उनसे बार-बार राजनीति में आने के लिए न कहा जाए। वह मनीष सिसोदिया की तरह अपना स्तर नहीं गिरा सकते।
बीजेपी समर्थक माने जाते हैं धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री को अक्सर बीजेपी और हिंदुत्व की राजनीति के करीब माना जाता है, उनके कई बयानों और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर भी राजनीतिक बहस होती रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जो आम आदमी पार्टी बीजेपी की राजनीति का विरोध करती है, वह पंजाब में अपने राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री से सरकार के लिए आशीर्वाद क्यों मांग रही है?
विजेता दहिया ने भी इसी मुद्दे को उठाते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री जाति व्यवस्था और धार्मिक मान्यताओं को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर अंधविश्वास और पाखंड को बढ़ावा देते हैं। ऐसे व्यक्ति से मनीष सिसोदिया का आशीर्वाद मांगना उनकी समझ से बाहर है।
'पांच साल में कोई काम नहीं किया क्या?'
विजेता दहिया ने अपने वीडियो में कहा कि क्या पंजाब सरकार ने पांच साल में ऐसा कोई काम नहीं किया, जिसके दम पर वह जनता के बीच जा सके? अब चुनाव से पहले सरकार को बाबा के आशीर्वाद की जरूरत क्यों पड़ रही है?
उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया अपना राजनीतिक स्तर इतना नीचे कैसे गिरा सकते हैं। विजेता ने इस पूरे घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी की नई राजनीति बताते हुए पार्टी के पुराने दावों पर भी सवाल उठाए।
बिलकिस बानो मामले का भी किया जिक्र
विजेता दहिया ने अपने वीडियो में बिलकिस बानो मामले का जिक्र करते हुए मनीष सिसोदिया पर एक और आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि जब गुजरात सरकार ने बिलकिस बानो मामले में दोषी ठहराए गए 11 लोगों को रिहा किया था, तब सिसोदिया से इस मामले पर सवाल पूछा गया था और उन्होंने कहा था कि उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है।
विजेता ने कहा कि ऐसी राजनीति और ऐसी जीत का क्या मतलब है? उन्होंने आम आदमी पार्टी से उम्मीद जताई थी कि पार्टी कुछ अलग करेगी, लेकिन अब उसके नेताओं का रुख देखकर निराशा होती है।
ये भी पढ़ें- अमेरिका में साइबर हमलों से बढ़ी चिंता, CIA से लेकर NSA तक के सिस्टम पर उठे सवाल
2027 के चुनाव से पहले पंजाब में तेज हो रही सियासत
पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां और प्रचार तेज करना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी भी भगवंत मान सरकार के कामकाज और अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने में जुटी है।
ऐसे में बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया का पहुंचना और सरकार के लिए आशीर्वाद मांगना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह है कि बीजेपी समर्थक माने जाने वाले धीरेंद्र शास्त्री के मंच से AAP की सरकार के लिए आशीर्वाद मांगने पर अब पार्टी की विचारधारा और राजनीतिक रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।