पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान इस समय पाकिस्तान के रावलपिंडी में स्थित अडियाला जेल में बंद हैं। वह भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोपों की वजह से जेल में हैं। इमरान साल 2018 से 2022 के दरमियान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद पर काबिज थे और इस दौरान उनपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे।
इसके बाद उनको इस मामले में दोषी पाया गया और साल 2023 में जेल में बंद कर दिया। तब से पूर्व पीएम अडियाला जेल में अपनी सजा काट रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने इमरान खान की रिहाई की मांग की है और उन्हें बेगुनाह बताया है।
इमरान खान बेगुनाह हैं- जावेद मियांदाद
पूर्व कप्तान इमरान खान के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके पूर्व दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद ने कहा कि वह ईमानदार व्यक्ति हैं। वह बिल्कुल भी भ्रष्ट नहीं हैं। उन्होंने नैरेटिव यूट्यूब चैनल पर बातचीत में कहा। उन्होंने आगे कहा,
‘’वह ऐसे शख्स नहीं हैं जो भ्रष्ट काम करता है। वरना उन्होंने बहुत कुछ किया होता। अगर आप उन्हें बाहर निकाल देंगे तो क्या हो जाएगा। क्या वह किसी को खा जाएंगे या किसी को नुकसान पहुंचाएंगे। वह भी किसी के बेटे हैं। मैं हमेशा सोचता हूं कि वह क्या कर रहे होंगे।’’
जो गलत है वह गलत है- मियांदाद
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदा कैमरे पर इमरान खान की बात करते हुए भावुक हो गए और अपने आंसुओं को नहीं रोक सके। उन्होंने भावुक होकर कहा कि मेरे मन में हमेशा यही बात चलती रहती है। हमारा उठना बैठना साथ था। वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम को कहां से कहां लेकर गया।
जो चीज गलत है वह गलत है। बता दें कि, पाकिस्तान ने वनडे क्रिकेट में केवल एक बार वर्ल्ड कप जीता है, जो कि साल 1992 में इमरान की कप्तानी में आया था। क्रिकेट के बाद वह 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उनको जेल में बंद कर दिया गया।
कौन हैं जावेद मियांदाद?
जावेद मियांदाद पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार हैं, जिन्होंने 1975 से 1996 तक पाक टीम का प्रतिनिधित्व किया है। मियांदाद ने 1975 से 1993 के बीच खेले 124 टेस्ट की 189 पारियों में 52.57 की दमदार औसत के साथल 8,832 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 23 शतक और 43 अर्धशतक निकले।
इसके अलावा एकदिवसीय प्रारूप में मियांदाद ने खेले 233 मैचों की 218 पारियों में 41.70 की औसत से 7,381 रन बनाए हैं। मियांदाद ने एकदिवसीय प्रारूप में 8 शतक और 50 अर्धशतक ठोके हैं। बता दें कि, मियांदाद ने पाकिस्तान के लिए 6 वर्ल्ड कप सीजन भी खेले हैं।
ये भी पढ़ें- 2024 की रणनीति पर वापस लौटेगी कोलकाता नाइट राइडर्स! IPL 2027 में देखने को मिल सकता है बड़ा बदलाव