Hardik Pandya: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू हो रही है। सीरीज के तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे, लेकिन इस सीरीज में भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का खेलना मुश्किल है।

हार्दिक काफी लंबे समय से चोटिल हैं और उनका इस सीरीज तक पूरी तरह से फिट होना मुश्किल है। यही वजह है कि ये स्टार खिलाड़ी अफगानिस्तान टी20 सीरीज में शिरकत नहीं करेगा। आपको बता दें कि, हार्दिक ने भारत के लिए आखिरी टी20 मैच 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेला था, जो कि फाइनल मैच था।

हार्दिक नहीं हुए फिट

पहले खबरें आ रही थीं कि हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से वापसी कर सकते हैं, लेकिन पैर में लगी चोट के कारण उनकी वापसी में थोड़ा विलंब हो सकता है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में छपि रिपोर्ट के अनुसार, उनकी फिटनेस के सभी पहलू सही थे, लेकिन गेंदबाजी करते समय उनको दोबारा दर्द शुरू हो गया, जिसके कारण उनको बीच में ही गेंदबाजी छोड़नी पड़ी।

इसके कारण अफगानिस्तान के खिलाफ उनका चयन संभव नहीं है। बता दें कि, हार्दिक फिलहाल बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हैं और अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना मुश्किल

टाइम्स ऑफ इंडिया को एक सूत्र ने जानकारी दी,"हार्दिक पांड्या बिना किसी परेशानी के पूरी तेजी से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन पैर में तकलीफ के कारण उन्हें गेंदबाजी रोकने की सलाह दी गई है। वह जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे, लेकिन अफगानिस्तान सीरीज नजदीक होने के कारण आवश्यक फिटनेस स्तर तक पहुंचना मुश्किल है। बल्लेबाजी और चलने-फिरने के लिहाज से कोई खास समस्या नहीं थी, लेकिन पूरी तरह से आश्वस्त होने के बाद ही उन्हें खेलने की अनुमति दी जाएगी।" बता दें कि, हार्दिक टीम इंडिया के एक अहम खिलाड़ी हैं, जो कि गेंद और बल्ले दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हैं।

जल्द हो सकता है टीम का चयन

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज का ऐलान इसी हफ्ते किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 सितंबर को चयनकर्ता बैठक कर सकते हैं, जिसमें टी20 सीरीज के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। माना जा रहा है कि एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले अधिकांश खिलाड़ी इस सीरीज में हिस्सा ले सकते हैं।

जबकि इंडिया की अगुवाई श्रेयस अय्यर करते दिख सकते हैं। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और इस सीरीज में हिस्सा लेने के मजबूत दावेदार हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह का चयन भी अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल है।

ये भी पढ़ें- जब ऋषभ पंत ने खेली थी 89 रन की ऐतिहासिक पारी, गेंदबाज रह गए थे हैरान, ऑस्ट्रेलिया के जबड़े से छीन ली थी जीत