Ranji Trophy Match Shift: छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से रणजी ट्रॉफी के कुछ मैच को शहर से बाहर शिफ्ट करने की गुजारिश की है। छत्तीसगढ़ और आंध्र के बीच 26-29 अक्टूबर का मैच, जो पहले रायपुर में खेला जाना था, उसे विजयवाड़ा के पास मुलापाडु में देवीनेनी वेंकट रमना प्रणीता ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया गया।

दरअसल, रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम आजकल सेंट्रल इंडिया के सबसे बिजी क्रिकेट वेन्यू में से एक रहा है। लेकिन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के एक ऑर्डर के बाद यह अचानक डोमेस्टिक क्रिकेट के लिए आउट ऑफ बाउंड्स हो गया है। इस वजह से, रणजी ट्रॉफी के कुछ मैच वेन्यू से बाहर करने पड़े।

हैदराबाद में शिफ्ट हुआ दूसरा मैच

छत्तीसगढ़ और आंध्र का पहला मैच जहां विजयवाड़ा में शिफ्ट किया गया तो दूसरा मैच हैदराबाद के खिलाफ 2 नवंबर को शुरू होने वाला था, उसे भी हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया गया।

आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) के एक अधिकारी ने कन्फर्म किया कि बीसीसीआई के आखिरी मिनट में जगह बदलने के बाद छत्तीसगढ़ के खिलाफ उनका अवे मैच असल में होम गेम बन गया। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया,

"मैच शिफ्ट करने के कुछ कारण हैं। हमने ग्राउंड पर रेनोवेशन का काम किया है और हां, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) का ऑर्डर भी है। इसीलिए हम गेम होस्ट नहीं कर पा रहे हैं।"

2026 में CSCS को मिला मैनेजमेंट

शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहले छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के अधीन था, लेकिन जनवरी 2026 में, इसका मैनेजमेंट CSCS को सौंप दिया गया, जिसने स्टेडियम को 30 साल की लीज पर ले लिया, जिसमें इसे रिन्यू करने का ऑप्शन भी था।

इसका मैनेजमेंट संभालने के बाद से, CSCS को NGT के ऑर्डर का सामना करना पड़ा है। आपको बता दें कि, अक्टूबर 2023 में इस स्टेडियम में पहला इंटरनेशनल मैच खेला गया था। यह मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे था। 

RCB के मैच किए थे होस्ट

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कुछ मैचों को इसी मैदान पर खेला गया था और हाल ही में अक्टूबर में, भारत बनाम जिम्माब्वे के बीच तीन महिला टी20आई मैच भी इस मैदान ने होस्ट किए थे।

वहीं, CSCS अधिकारी ने कहा कि आईपीएल मैचों के दौरान NGT का कोई ऑर्डर नहीं था, और एसोसिएशन ने 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन महिला इंटरनेशनल मैच होस्ट करने के लिए ट्रिब्यूनल से परमिशन ली थी। आपको बता दें कि, छत्तीसगढ़ अभी रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 के ग्रुप B पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है, जिसमें चार मैचों में एक जीत और दो हार मिली है।

ये भी पढ़ें- ‘उस्मान 100 प्रतिशत सही है…’ ख्वाजा के सपोर्ट में आए डेविड वॉर्नर, वीडियो ने मचाया तहलका