ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका पर खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस श्रृंखला के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कई बड़े खिलाड़ियों को वापस बुलाया है। इसमें तेज गेंदबाज पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क शामिल हैं। हालांकि, ये दोनों गेंदबाज केवल साउथ अफ्रीका में वनडे मैच खेलते दिखेंगे।

यह सीरीज 24 सितंबर से शुरू होगी और इसमें कुल 3 मैच खेले जाएंगे। लेकिन, इससे पहले कंगारुओं को जिम्माब्वे के विरुद्ध तीन मैच की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसका आगाज 15 सितंबर से हो जाएगा। बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज खेली थी, जो कि 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई थी।

मार्नस लाबुशेन को दिखाया बाहर का रास्ता

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दाएं हाथ के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को इन दोनों वनडे सीरीज से बाहर कर दिया है। जून में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान और बांग्लादेश का दौरा किया था, जहां पर लाबुशेन ने उम्मीदों के अनुकूल प्रदर्शन नहीं किया। हालांकि, आखिरी मैच में उनके बल्ले से नाबाद 55 रन जरूर निकले थे, लेकिन टीम में जगह बनाने के लिए यह पर्याप्त नहीं थे।

वहीं, बाएं बाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड और दाएं हाथ के ओपनर मिचेल मार्श को भी वनडे दल में शामिल किया गया है। बता दें कि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका दौरे पर अनुभव से अधिक युवा खिलाड़ियों को भेजा है और यही वजह है कि मार्नस लाबुशेन को अपना वनडे स्थान गंवाना पड़ा

कमिंस-मार्श संभालेंगे कमान

जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के लिए चयनकर्ताओं ने किसी एक को स्थायी कप्तान नहीं बनाया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम की अगुवाई मिचेल मार्श करते नजर आएंगे तो साउथ अफ्रीका सीरीज में पैट कमिंस और मिचेल मार्श मिलकर यह भूमिका संभालेंगे।

बता दें कि, कमिंस ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम के नियमित कप्तान हैं, लेकिन वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद उन्होंने सिर्फ दो मैच खेले हैं।  इसके अलावा दल में कूपर कॉनोली, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिश, मैथ्यू रेनशॉ को भी शामिल किया गया है। 

जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का स्क्वॉड 

जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनॉली, पैट कमिंस (सिर्फ साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए), जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मिचेल मार्श, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टैनलेक, मिचेल स्टार्क (सिर्फ साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए), एडम जम्पा।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, एक साथ 7 खिलाड़ियों की छुट्टी, सरफराज-गुल भी बाहर