Anaya Bangar: भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने साउथ अफ्रीका की दिग्गज ऑलराउंडर मारिजैन कैप को करारा जवाब दिया है। ऑस्ट्रेलिया आयोजित होने वाली महिला ‘बिग बैश लीग’ में खेलने की खबरों के बाद साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर इसको हास्यपद बताया था।
वहीं, इसपर अनाया ने प्रोटियाज खिलाड़ी को जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को सभी जरूरी मेडिकल दस्तावेज और सबूत भेज दिए हैं। अनाया का यह जवाब उन लोगों के लिए भी था, जो उनके खेलने की पात्रता और खेल में भागीदारी पर सवाल कर रहे थे
अनाया को मिली मंजूरी
जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करवाने वालीं अनाया बांगर को ऑस्ट्रेलिया में महिला कम्युनिटी और प्रीमियर क्रिकेट खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि, मार्च 2027 में एलीट यानी पेशेवर स्तर पर महिला क्रिकेट में उनकी एंट्री तभी होगी, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया नीतियों और दिशानिर्देशों की पूरी तरह से समीक्षा कर लेगा। हालांकि, अनाया ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है और वह आलोचनाओं को नजरअंदाज कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सही जानकारी मिलने से लोगों का भी नजरिया बदलेगा।
लोगों को पढ़ने की जरूरत है- अनाया
संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने उनकी पात्रता पर उठ रहे सवालों का काफी बेबाकी से जवाब दिया है। अनाया ने कहा,
‘’मुझे लगता है कि जो लोग मेरे खिलाफ बोल रहे हैं, उन्हें वास्तव में इसको लेकर खुद को पहले शिक्षित करना चाहिए। मैंने पहले ही यह साबित करने के लिए आवश्यक जानकारी दे दी है। मेरे पास कोई अनुचित लाभ नहीं है और मैं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन कर रही हूं।’’ अनाया ने अपने बयान में यह भी जोड़ा कि अगर किसी की व्यक्तिगत राय इस तरह की है तो पहले उनको इस बारे में सही जानकारी हासिल करना जरूरी है।’’
बता दें कि, यह जवाब साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी को लेकर माना जा रहा है, जिन्होंने उनके खेलने पर सवाल खड़े किए थे।
कौन हैं मारिजैन कैप?
मारिजैन कैप का नाम साउथ अफ्रीका की दिग्गज ऑलराउंडर में लिया जाता है, जिन्होंने अपने देश के लिए 4 टेस्ट, 162 वनडे और 126 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। मारिजैन महिला बिग बैश लीग में भी चार अलग-अलग टीमों की ओर से 142 मैच खेल चुकी हैं। इस प्रोटियाज खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "यह बिल्कुल बेतुका है, इसकी इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।'' इस दौरान उन्होंने अनाया की खबर भी पोस्ट की थी। इसके बाद ही एक नए विवाद ने जन्म लिया।
ये भी पढ़ें- इमरान खान को जेल में बंद देख छल्का पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी दर्द, कैमरे के सामने बहाए आंसू, रोते हुए बताया ईमानदार