अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम ने व्हाइट बॉल में पिछले कुछ वर्षों में काफी शानदार ग्रोथ की है, लेकिन जब बात लाल गेंद के खेल की आती है तो यह टीम कही ना कही अभी भी संघर्ष करती दिख रही है। इस समय अफगानिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ अबू धामी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेल रही है और जीत से अभी 347 रन दूर है।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अफगान टीम 132 रन बना चुकी है लेकिन इस दौरान उनके तीन विकेट भी गिर चुके हैं अब पांचवें दिन यह टीम मैच बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
बांग्लादेश ने दिया था 479 का लक्ष्य
एकमात्र टेस्ट में बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और उनका यह चयन बिल्कुल सही रहा। बल्लेबाजों ने कप्तान को निराश किए बिना पहली पारी में 346 रन बनाए थे। इसमें तंजिद हसन और सद्दाम इस्लाम ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली तो लिट्टन दास ने 53 रन बनाए।
Afghanistan reach 132/3 and need 347 more runs to win against Bangladesh in the only Test. #Bangladesh #Tigers #Afghanistan #TestCricket https://t.co/Ivmf0EkQ4o
— Bangladesh Cricket (@BCBtigers) October 12, 2026
इसके बाद अफगानिस्तान की पहली पारी सिर्फ 240 पर सिमट गई, जिसमें कप्तान रहमत शाह ने शानदार शतक तो ओपनर अब्दुल मलिक ने 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी। पहली पारी में ही अफगानिस्तान 106 रन से पिछड़ चुकी थी और बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी को 372/7 पर घोषित कर विपक्षियों को 479 का विशालकाय टारगेट दिया।
संघर्ष करती अफगानिस्तान
बांग्लादेश के द्वारा दिए गए 479 रन के पहाड़नुमा टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली इनिंग में अर्धशतक लगाने वाले अब्दुल मलिक 2 के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शाहिदुल्ला कमाल भी 19 के स्कोर पर चलते बने।
अफगानिस्तान 28 पर दो विकेट गंवाकर मुश्किलों में थीं लेकिन यहां से रहमत शाह और सिद्दीकुल्लाह अटल ने तीसरे विकेट लिए 214 गेंदों पर 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और अपनी टीम को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन कप्तान शाह भी 51 रन की पारी खेल आउट हो गए।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने 132 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए हैं। हालांकि, सकारात्मक बात यह है कि अटल (35) और हशमतुल्लाह शाहिदी (19) अभी भी नाबाद हैं और पांचवें दिन इस दोनों से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
ड्रॉ के लिए उतरेगी अफगानिस्तान
एकमात्र टेस्ट के अंतिम दिन अफगानिस्तान की नजर मुकाबले को ड्रॉ करवाने पर होगी, लेकिन इसके लिए उनके शेष 7 बल्लेबाजों को कुल 90 ओवर तक पिच पर टिकना होगा। चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद अटल ने भी इस बात को स्वीकार किया कि उनकी और टीम का लक्ष्य मैच को ड्रॉ करवाने का होगा।
हालांकि, अफगानिस्तान के सामने पांचवें दिन नई गेंद के सामने भी बल्लेबाजी करने की चुनौती होगी, जो इस पिच पर काफी स्विंग कर रही है। हालांकि, बांग्लादेश की टीम नई गेंद से अभी भी 30 ओवर दूर है और तब तक अफगानिस्तान चाहेगा कि उनको पहले सेशन में ज्यादा झटके न लगें।
ये भी पढ़ें- मुंबई के तेज गेंदबाज ने मचाई सनसनी, हैट्रिक लेकर बैटिंग ऑर्डर को किया नेस्तनाबूद, झटके 5 विकेट