Akhilesh Yadav on Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वांगचुक से भावुक अपील करते हुए आमरण अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अमूल्य है। क्योंकि उन्होंने हमेशा मानवता, पर्यावरण संरक्षण और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए सोनम वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं। वह एक सिद्धांतहीन और भ्रष्ट व्यवस्था का प्रतीक बन चुकी है। उनके अनुसार, ऐसी सरकार से संवेदनशीलता या नैतिक परिवर्तन की उम्मीद करना व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली में त्याग और बलिदान का कोई महत्व नहीं रह गया है और सत्ता में बैठे लोग जनता की भावनाओं के प्रति असंवेदनशील हैं।
'भाजपाइयों के लिए धन ही सर्वोपरि'
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए किसी व्यक्ति के जीवन का कोई मूल्य नहीं है, बल्कि धन और सत्ता ही सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्ति के घमंड में डूबे लोग समाज और लोकतंत्र के मूल्यों को भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में अहंकार होता है, उनमें सुधार की भावना नहीं होती। सत्याग्रह की ताकत को वे लोग नहीं समझ सकते, जो केवल सत्ता हासिल करने की राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार को युवाओं के भविष्य, उनके परिवारों की उम्मीदों या लोकतांत्रिक मूल्यों की कोई चिंता नहीं है। उनके मुताबिक, सत्ता पक्ष केवल अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देता है।
लोकतंत्र और पर्यावरण की लड़ाई जारी रखने की अपील
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र और पर्यावरण की रक्षा के लिए सोनम वांगचुक का संघर्ष देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कामना की कि वांगचुक का मनोबल और नैतिक शक्ति भविष्य में भी देशवासियों, युवाओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए संघर्ष करने वालों का मार्गदर्शन करती रहे। उन्होंने कहा कि नकारात्मक शक्तियों के खिलाफ वांगचुक एक प्रकाश स्तंभ की तरह समाज का नेतृत्व करते रहें।
Written By: Geeta Sharma