मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया, उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
विवेचना में लापरवाही पर अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मामले की जांच प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की प्रभावी पैरवी की जाए और दोषियों को अदालत से सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ की जाए। परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता
पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया, उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड समेत सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। सरकार की ओर से परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों के साथ हुई बैठक
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान समाज कल्याण मंत्री और मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण समेत वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीड़ित परिवार की जरूरतों का ध्यान रखा जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। ललिता गौतम प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में भी सक्रियता बढ़ गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।
Written By: M. Athar Uddin Munne Bharati
Edited By : Toshi Shah