तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK को अब सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिल गया है। 9 मई शनिवार को VCK ने टीवीके को बिना किसी शर्त समर्थन देने का ऐलान किया। इसके साथ ही राज्य में विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया
शनिवार शाम हुई वीसीके की अहम बैठक में पार्टी नेताओं ने टीवीके को समर्थन देने पर चर्चा की। लंबी बातचीत के बाद पार्टी ने सर्वसम्मति से विजय के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने का फैसला किया। वीसीके के इस फैसले के बाद टीवीके को विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े के करीब मजबूती मिल गई है।
टीवीके ने 2 प्रमुख पार्टियों पीछे छोड़ सबको चौंकाया
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया। 4 मई को आए परिणामों में टीवीके ने द्रविड़ राजनीति की 2 प्रमुख पार्टियों DMK और AIADMK को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया। हालांकि, पार्टी 108 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी और बहुमत के आंकड़े से 10 सीट पीछे रह गई थी।
टीवीके ने पार बहुमत का आंकड़ा
नतीजों के बाद टीवीके के समर्थन में अन्य दलों का आना शुरू हुआ। सबसे पहले कांग्रेस के पांच विधायकों ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया। इसके बाद CPI और CPIM के 2-2 विधायकों ने भी टीवीके को समर्थन दिया। इन समर्थन के बाद टीवीके का आंकड़ा 116 तक पहुंच गया था। अब वीसीके के 2 विधायकों के समर्थन के बाद यह संख्या बढ़कर 118 हो गई है। वहीं, IUML ने भी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद विजय के समर्थन में कुल संख्या 120 तक पहुंच गई है, जिससे सरकार गठन की स्थिति और मजबूत हो गई है।
IUML ने बिना शर्त TVK को समर्थन दिया
IUML ने राज्य में सरकार बनाने के लिए TVK को बिना शर्त समर्थन दिया। साथ ही, TVK को अब कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK, IUML का भी समर्थन मिल गया है। जिससे इसकी संख्या 121 हो गई है, जो बहुमत के 118 के आंकड़े को पार कर गया है।
तमिलनाडु: IUML ने राज्य में सरकार बनाने के लिए TVK को बिना शर्त समर्थन दिया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 9, 2026
इसके साथ ही, TVK को अब कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK, IUML का समर्थन मिल गया है, जिससे इसकी संख्या 121 हो गई है, जो बहुमत के 118 के आंकड़े को पार कर गया है। pic.twitter.com/6qdZYzU3MG
टीवीके ने सभी पार्टियों का जताया आभार
टीवीके ने समर्थन देने वाली सभी पार्टियों का आभार व्यक्त किया है। पार्टी नेता अर्जुन ने कहा कि जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया था और अब सभी सहयोगी दल मिलकर तमिलनाडु में स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि विजय सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया जा सकता है।
Written By: Geeta Sharma