अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब उस मोड़ पर पहुँच गया है जहाँ से वापसी का रास्ता नज़र नहीं आ रहा। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने खुलेआम चेतावनी दी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बातों को हल्के में न लिया जाए। हेगसेथ के मुताबिक, अगर ईरान ने फौरन समझौता नहीं किया, तो मंगलवार का दिन उसके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं होगा। ट्रंप ने पहले ही मंगलवार रात 8 बजे तक का वक्त दिया है, जिसके बाद हमले और भी तेज़ हो सकते हैं।

हेगसेथ ने दी चेतावनी
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कहा कि सोमवार को ईरान पर अब तक के सबसे तगड़े हवाई हमले किए जाएंगे। उन्होंने ईरान को आगाह किया कि वे समझदारी दिखाएं और जल्द फैसला लें, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप मज़ाक नहीं कर रहे हैं। इस बयान के बाद पूरी दुनिया की नज़रें अब मंगलवार की डेडलाइन पर टिकी हैं।

'एक रात में मिटा सकते हैं ईरान' - ट्रंप का बड़ा दावा
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी सैन्य ताकत का दम भरते हुए कहा कि अमेरिका के पास इतनी पावर है कि वह सिर्फ एक रात में पूरे ईरान को खत्म कर सकता है। ट्रंप ने बताया कि पिछले 37 दिनों में अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ 10,000 से ज़्यादा बार उड़ानें भरी हैं और उनके 13,000 से ज़्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है।

ईरान के अंदर घुसकर बचाया अपना पायलट
ट्रंप ने एक और बड़ी जानकारी दी कि कैसे अमेरिकी सेना ने ईरान की सीमा के अंदर गिरे अपने एक पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। इस खतरनाक मिशन में 200 कमांडो और 21 विमान शामिल थे। ट्रंप ने इसे अब तक का सबसे बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन बताया है। फिलहाल, पूरी दुनिया इस बात से डरी हुई है कि मंगलवार रात 8 बजे के बाद क्या होगा।

Written by: Anushka sagar