यूपी के गाजीपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी की प्रताड़ना से डरकर युवक घर से भाग गया है। वहीं लापता होने से पहले पति ने एक वीडियो बनाकर पत्नी के खिलाफ चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई और साथ ही युवक की तलाश कर रही है।

समझे क्या है पूरा माजरा?

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला गाजीपुर के जखनिया गोविंद गांव का है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवक दिलीप कुमार की बाइक और अन्य सामान खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना के पास मिला हैं। हालांकि गायब होने के कुछ देर बाद भाई के मोबाइल पर युवक ने एक वीडियो भी भेजा है। वीडियो में उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका जीवन नरक बना दिया है।

पति के सिर पर पत्नी ने मारे 10 बेलन

इसके साथ ही वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि पत्नी उससे कहती है कि कहीं भी तुम जाकर मर जाओ, मुझे कोई मतलब नहीं। हमें बस पैसे चाहिए। इतने से पेट नहीं भरा तो पत्नी ने बेलन से उसके सिर पर 10 बार वार किए थे। इसी कारण वह घर से फरार हो गया।

एक साल पहले हुई थी दिलीप कुमार की शादी

कहा जा रहा कि दिलीप कुमार पेशे से वकील है। इनकी शादी दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के आडिला गांव की रहने वाली एक युवती से करीब 1 साल पहले हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही लगातार पत्नी से विवाद चल रहा है। आरोप है कि ससुर भी उसे प्रताड़ित करते हैं।

मामले पर क्या बोले कोतवाली प्रभारी 

कोतवाली प्रभारी भुडकुड़ा से इस मामले पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के बाद लगातार तलाश जारी है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, युवक का पता लगाया जा रहा है।

 Writen By: Geeta Sharma