रात में सोते समय या अचानक चलते-फिरते पैरों की मांसपेशियों में तेज ऐंठन होना काफी परेशान करने वाला हो सकता है। कई बार यह समस्या ज्यादा थकान, लंबे समय तक खड़े रहने या शरीर में पानी की कमी की वजह से होती है। वहीं, कुछ मामलों में पोषक तत्वों की कमी भी इसकी एक वजह हो सकती है।

मैग्नीशियम की कमी
मैग्नीशियम मांसपेशियों के सामान्य कामकाज में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर कुछ लोगों को मांसपेशियों में खिंचाव या ऐंठन की शिकायत हो सकती है।

पोटैशियम की कमी
पोटैशियम शरीर में मांसपेशियों और नसों के सही तरीके से काम करने के लिए जरूरी है। इसकी कमी भी मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन से जुड़ी हो सकती है।

कैल्शियम की कमी
कैल्शियम सिर्फ हड्डियों के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि मांसपेशियों के संकुचन और नसों के काम में भी इसकी भूमिका होती है। शरीर में कैल्शियम का स्तर कम होने पर मांसपेशियों में ऐंठन हो सकती है।

यह भी पढ़ें:हर समय थकान और कमजोरी महसूस होती है? इन 6 वजहों को नजरअंदाज न करें

पानी की कमी भी हो सकती है कारण
पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने या ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पैरों में ऐंठन की समस्या हो सकती है।

कब डॉक्टर से मिलें?
अगर पैरों में ऐंठन बार-बार हो रही है, बहुत ज्यादा दर्द होता है, मांसपेशियों में कमजोरी या सूजन है, या समस्या लगातार बनी हुई है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। बिना जांच के किसी विटामिन या मिनरल सप्लीमेंट की गोली लेना शुरू न करें।

यह भी पढ़ें:अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTubers की ‘नो एंट्री’, BSA ने जारी किया आदेश
Written By: Shivani Gupta