उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दर्ज पहली FIR के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जन आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई शुरू की गई है और दोषियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
राम मंदिर पर सीएम योगी ने क्या कहा?
देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही स्पष्ट कर दिया था कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और 'दूध का दूध, पानी का पानी' किया जाएगा। उन्होंने कहा कि SIT की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पहली एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उनकी मंशा ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यही लोग पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व और अयोध्या की आस्था पर भी सवाल उठाते रहे हैं।
'रामभक्तों की भावनाओं को आहत न किया जाए'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसकी गरिमा पर अनावश्यक टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास कोई प्रमाण है तो वह उसे SIT के समक्ष प्रस्तुत करे, लेकिन बिना तथ्यों के रामभक्तों की भावनाओं को आहत करने का प्रयास न किया जाए।
'धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा कठोर कार्रवाई होगी'
योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि उनकी सरकार अपराध, माफिया और जन आस्था से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश दंगों और माफिया के प्रभाव से जूझ रहा था। उन्होंने वर्ष 2016 की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय थाने पर हमला कर हथियार लूट लिए गए थे, जबकि आज कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी धार्मिक आयोजनों और त्योहारों का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में कराया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने, हथियारों का प्रदर्शन करने या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Written By: Geeta Sharma