Bankipur Exit Poll 2026: पटना जिले की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शाम 5 बजे तक इस सीट पर करीब 33.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, अंतिम आंकड़े जारी होने के बाद मतदान प्रतिशत में मामूली बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

मतदान प्रतिशत 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में रहा कम

इस बार बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान प्रतिशत 2025 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कम रहा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव होने के कारण मतदाताओं में सामान्य चुनाव जैसी सक्रियता देखने को नहीं मिली, जिसका असर वोटिंग प्रतिशत पर पड़ा।

बीजेपी और जन सुराज के बीच रही मुख्य मुकाबले की चर्चा

बांकीपुर सीट का उपचुनाव शुरुआत से ही दिलचस्प माना जा रहा था। चुनावी मैदान में मुख्य मुकाबला बीजेपी और जन सुराज के बीच माना जा रहा था। जन सुराज की ओर से खुद पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर उम्मीदवार थे, जबकि बीजेपी ने अपने कार्यकर्ता नीरज सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारा था। वहीं, आरजेडी ने एक बार फिर अपने पुराने उम्मीदवार रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया।  पार्टी ने उन्हें ही उम्मीदवार बनाया।

जनमत पोल सर्वे में प्रशांत किशोर को बढ़त का दावा

मतदान समाप्त होने के बाद जनमत पोल ने अपना सर्वे जारी किया है। सर्वे के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को बढ़त मिलती दिखाई गई है। सर्वे के आंकड़ों में दावा किया गया है कि जन सुराज को लगभग 66 हजार से 71 हजार वोट मिलने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा के खाते में 44 हजार से 49 हजार वोट आने का अनुमान जताया गया है।

इस सर्वे में RJD को मिला तीसरा स्थान 

आरजेडी इस सर्वे में तीसरे स्थान पर दिखाई गई है। पार्टी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को लेकर अनुमान लगाया गया है कि उन्हें करीब 11 हजार से 13 हजार वोट मिल सकते हैं। हालांकि, यह केवल एक सर्वे के आंकड़े हैं। वास्तविक परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होंगे। एग्जिट पोल और सर्वे कई बार सही साबित होते हैं, लेकिन कई मौकों पर इनके अनुमान वास्तविक नतीजों से अलग भी रहे हैं।

बांकीपुर उपचुनाव में पूरे दिन धीमी रही मतदान की रफ्तार

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान की शुरुआत धीमी रही। सुबह के शुरुआती घंटों में कम संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे। दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि हुई।

मतदान प्रतिशत के आंकड़े इस प्रकार रहे:

सुबह 9 बजे तक: 4.61 प्रतिशत
सुबह 11 बजे तक: 11.50 प्रतिशत
दोपहर 1 बजे तक: 20.01 प्रतिशत
दोपहर 3 बजे तक: 27.90 प्रतिशत
शाम 5 बजे तक: 33.57 प्रतिशत

अब सभी की निगाहें मतगणना और अंतिम चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। बांकीपुर सीट का परिणाम यह तय करेगा कि उपचुनाव में जन सुराज अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर पाता है या बीजेपी अपनी सीट बचाने में सफल रहती है।

यह भी पढ़ें: छात्रों पर नहीं, आपराधिक रिकॉर्ड वालों पर होगा एक्शन, दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला

Written By: Geeta Sharma