भारतीय खाने में रोटी सबसे अहम चीजों में गिनी जाती है। लगभग हर घर में दिन और रात के खाने में रोटी जरूर बनाई जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर आटे की रोटी की कैलोरी अलग-अलग होती है? यही कारण है कि आजकल लोग अपनी हेल्थ और फिटनेस के अनुसार अलग-अलग तरह के आटे की रोटियां खाना पसंद कर रहे हैं। कोई वजन कम करने के लिए रागी की रोटी चुनता है तो कोई ज्वार या बाजरे की। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि कौन सी रोटी ज्यादा एनर्जी देती है और किसमें कैलोरी कम होती है।

गेहूं और ज्वार की रोटी क्यों मानी जाती है फायदेमंद?

सबसे ज्यादा खाई जाने वाली गेहूं की रोटी में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है। लगभग 40 ग्राम की एक गेहूं की रोटी में करीब 120 कैलोरी होती है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करती है और शरीर को लगातार ऊर्जा देती है। वहीं ज्वार की रोटी में लगभग 100 कैलोरी होती है। ज्वार को ग्लूटेन-फ्री अनाज माना जाता है और इसमें कैल्शियम, आयरन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद रहते हैं। यही वजह है कि हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन पसंद करने वाले लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं।

रागी, बाजरा और मक्के की रोटी में कितना अंतर?

कम कैलोरी वाली रोटियों की बात करें तो रागी की रोटी सबसे आगे मानी जाती है। करीब 40 ग्राम की रागी रोटी में लगभग 90 कैलोरी होती है। इसमें कैल्शियम और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, इसलिए इसे महिलाओं और बच्चों के लिए अच्छा विकल्प माना जाता है। बाजरे की रोटी में करीब 105 कैलोरी होती है। बाजरा शरीर को ताकत देने के साथ-साथ आयरन की कमी को दूर करने में भी मददगार माना जाता है। दूसरी ओर, मक्के की रोटी में लगभग 110 कैलोरी होती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, गर्मियों में मक्के और बाजरे की रोटी सीमित मात्रा में खाने की सलाह दी जाती है क्योंकि इनकी तासीर गर्म मानी जाती है।

फिटनेस पसंद लोगों की पहली पसंद बन रही बेसन की रोटी

आजकल जिम जाने वाले और फिटनेस पर ध्यान देने वाले लोग बेसन की रोटी को भी अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं। लगभग 40 ग्राम की बेसन रोटी में करीब 115 कैलोरी होती है। इसमें प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। यही कारण है कि अब कई लोग सामान्य गेहूं के आटे की जगह हाई-प्रोटीन आटा और बेसन का इस्तेमाल करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी हेल्दी आटे से बनी रोटियों को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा देखने को मिल रही है।

 

Written By Toshi Shah