BJP Government 12 Years: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए एक विस्तृत संदेश साझा किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता बताते हुए कहा कि उन्होंने ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
सीएम योगी ने पीएम के नाम शेयर किया पोस्ट
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बना है। अंत्योदय की भावना अब आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदल चुकी है और जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि आज का नया भारत नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
'विकसित भारत 2047 की दिशा में नई ऊर्जा देने वाला'
मुख्यमंत्री ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने अपनी सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया है और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाया है। आज भारत विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी और प्रभावशाली नेतृत्व के रूप में स्थापित हो चुका है। योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी को विकसित भारत 2047 की दिशा में नई ऊर्जा देने वाला बताया।
सीएम ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं की सराहना की
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया है। इन योजनाओं ने गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को दी शुभकामनाएं
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को देश की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि नेशन फर्स्ट की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को इस युगांतकारी यात्रा के लिए कोटि-कोटि बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Written By: Geeta Sharma