पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में स्थित तीस्ता नदी में एक कार के गिर जाने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सिक्किम और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर हुआ। मृतकों में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है।
5 जून को गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिक्किम के काबी लुंगचोक (लिंगडोक) निवासी यह परिवार 5 जून को गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रहा था। वे अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान शाम के समय राम्बी इलाके के पास परिवार का अपने परिजनों से अंतिम बार संपर्क हुआ। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। जब काफी देर तक परिवार से संपर्क नहीं हुआ तो परिजनों ने 6 जून को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
गुमशुदगी की शिकायत के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था
शिकायत मिलने के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय बचाव दलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्टा और समाजसेवी विक्रम राय ने भी सहयोग किया। खोज अभियान के दौरान बाघपुल के समीप भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से कार की बैटरी और बंपर बरामद हुए, जिससे आशंका जताई गई कि वाहन तीस्ता नदी में गिर गया है।
बारिश और तेज बहाव के बीच नदी में डूबी कार
इसके बाद बचाव दलों ने नदी क्षेत्र में खोजबीन तेज कर दी। शनिवार शाम को भारी बारिश और तेज बहाव के बीच नदी में डूबी हुई टाटा नेक्सॉन कार का पता लगाया गया। हालांकि खराब मौसम और अंधेरा होने के कारण अभियान को रात में रोकना पड़ा। रविवार सुबह तड़के रेस्क्यू टीमों ने दोबारा अभियान शुरू किया और कार के भीतर से चारों शवों को बाहर निकाला।
कार के भीतर से 4 शवों को निकाला गया बाहर
मृतकों की पहचान स्मारिका न्यौपाने (28), सैब्या न्यौपाने (27), जीका दहल (27) और पांच वर्षीय दित्या छेत्री के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों वयस्क सरकारी कर्मचारी थे। स्मारिका एसटीएनएम अस्पताल में नर्सिंग लेक्चरर थीं, जबकि सैब्या संस्कृति विभाग में जूनियर इंजीनियर और जीका बागवानी विभाग में कार्यरत थीं।
जांच में हादसे का कारण भारी बारिश माना जा रहा है
शुरूआती जांच में हादसे का कारण भारी बारिश, भूस्खलन और NH-10 की खराब स्थिति को माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Written By: Geeta Sharma