मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस टकराव का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ रहा है, जिससे दुनिया भर में ऊर्जा संकट की आशंका गहरा गई है। इसी माहौल में शनिवार को ईरान ने अपने पड़ोसी देश इराक को बड़ी राहत देते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की खुली अनुमति दे दी। तेहरान का कहना है कि मौजूदा संघर्ष में इराक ने उसका साथ दिया है, इसलिए उस पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

इराक ने मुश्किल समय में दिया है साथ- IRGC के प्रवक्ता

एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी मीडिया के हवाले से बताया गया कि इराकी जहाजों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगेगी। IRGC के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फघारी ने कहा कि इराक ने मुश्किल समय में ईरान का साथ दिया है, इसलिए उसे इस रणनीतिक जलमार्ग से निर्बाध आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

जोल्फघारी ने अमेरिका और इजरायल पर लगाया आरोप

जोल्फघारी ने अमेरिका और इजरायल पर ईरान की संप्रभुता पर हमला करने का आरोप लगाया, उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया गया, साथ ही स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी

वहीं दूसरी ओर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है, उन्होंने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला गया या कोई समझौता नहीं हुआ, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यह बयान उस समय आया जब ईरान के बुशहर परमाणु ठिकाने पर हमले की खबर सामने आई। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि समय तेजी से खत्म हो रहा है और यदि तय समयसीमा के भीतर कदम नहीं उठाए गए, तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा।

 Written By Toshi Shah