अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों की ओर से तीखी बयानबाज़ी जारी है। इसी क्रम में बीते दिन रविवार को ईरान की सेना ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी। ईरान ने स्पष्ट किया कि यदि अमेरिका पर्शियन गल्फ के कुछ द्वीपों पर ज़मीनी हमला करने या कब्ज़ा जमाने की कोशिश करता है, तो उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब खबरें हैं कि अमेरिका संभावित ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी में जुटा हुआ है।

“शार्क का शिकार”- ईरान

यह चेतावनी ईरान के सैन्य मुख्यालय खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर्स की तरफ से जारी की गई। सेना के प्रवक्ता और ब्रिगेडियर जनरल इब्राहीम जुल्फिकारी ने वीडियो संदेश में कहा कि किसी भी ज़मीनी कार्रवाई की स्थिति में अमेरिकी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि अमेरिकी सैनिक फारस की खाड़ी में “शार्क का शिकार” बन सकते हैं, उनके इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि ईरान किसी भी हाल में पीछे हटने के मूड में नहीं है।

जुल्फिकारी ने डोनाल्ड ट्रंप पर लगाया आरोप

जुल्फिकारी ने अपने संदेश में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी आरोप लगाए, उनका कहना था कि ट्रंप इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के प्रभाव में काम कर रहे हैं, उन्होंने यह भी दावा किया कि एपस्टीन मामले से जुड़े विवादों के कारण ट्रंप पर दबाव बनाया जा रहा है। ईरानी अधिकारी ने दोहराया कि यदि अमेरिका कोई सैन्य कदम उठाता है, तो ईरानी सेना पूरी ताकत से जवाब देने के लिए तैयार है और अमेरिकी बलों को निशाना बनाने के लिए सतर्क है।

ज़मीनी ऑपरेशन को लेकर ट्रंप है चुप

दूसरी ओर, ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि अमेरिकी रक्षा विभाग, पेंटागन, बीते कुछ हफ्तों से संभावित सैन्य अभियान की योजना बना रहा है। इन योजनाओं में खर्ग द्वीप और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से किसी भी ज़मीनी ऑपरेशन को औपचारिक मंजूरी नहीं दी गई है।

दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज

फिलहाल हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं और दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी सैन्य कार्रवाई का कड़ा जवाब देगा। ऐसे में क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है, और पूरी दुनिया की निगाहें अब अमेरिका के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

 Written By Toshi Shah