14 अप्रैल 2026 को उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में आंधी-तूफान के बाद अब कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है, जबकि कुछ पहाड़ी और पूर्वी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।

जानिए दिल्ली का हाल

दिल्ली-NCR में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसके बाद मौसम साफ रहेगा और तापमान तेजी से बढ़ेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो आने वाले दिनों में 38 डिग्री तक जाने की संभावना है। इसी तरह राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है और इन राज्यों में लू चलने के साथ भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

बिहार का मौसम

बिहार में भी हालात कुछ ऐसे ही बने रहेंगे, जहां गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी करेगा। पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है और तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जाएगी।

पहाड़ी राज्यों के हाल

वहीं दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम कुछ अलग रहेगा। यहां 14 से 17 अप्रैल के बीच बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी।

दक्षिणी भारत में हो सकते हैं बारिश

पूर्वी और दक्षिणी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

 

Written By Toshi Shah