Iqra Hasan News: समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार और प्रशासन को निशाने पर लिया है। कैराना से सांसद इकरा हसन सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र स्थित ईस्सोपुर गांव पहुंचीं। जहां उन्होंने हाल ही में हुई युवक आदित्य की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।

'प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है'

सपा सांसद ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों में कानून का कोई डर दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार दावा करती है कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहतर है,लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। इकरा हसन ने आरोप लगाया कि उनके लोकसभा क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार कई आपराधिक घटनाएं हुई हैं,लेकिन प्रशासन की ओर से न तो समय पर गिरफ्तारी की जाती है और न ही पीड़ित परिवार को संतोषजनक कार्रवाई का भरोसा मिलता है।

आदित्य हत्याकांड पर बोलीं इकरा हसन?

ईस्सोपुर गांव में आदित्य हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों का दावा है कि इस घटना में एक से अधिक लोग शामिल थे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को यह महसूस न हो कि उन्हें न्याय मिला है,तब तक न्याय अधूरा माना जाएगा।

'BJP सरकार विपक्षी नेताओं और गरीब की आवाज दबाने का काम करती है'

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए इकरा हसन ने कहा कि विपक्ष के नेताओं और गरीब लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई इंसाफ की मांग करता है तो उसी पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। सांसद ने कहा कि गरीब व्यक्ति जब अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के पास जाता है तो उसकी सुनवाई होने के बजाय उसी को परेशान किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ और उन पर एफआईआर दर्ज कर दी गई।

FIR और प्रशासनिक दबाव से डरने वाली नहीं: इकरा हसन

इकरा हसन ने कहा कि वे FIR और प्रशासनिक दबाव से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे गरीब, मजलूम और पीड़ित लोगों की आवाज आगे भी मजबूती से उठाती रहेंगी। सपा सांसद ने प्रदेश में निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर काम करना चाहिए, ताकि आम लोगों का कानून पर भरोसा बना रहे।

 Written By: Geeta Sharma