Bankipur By Election 2026: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर बुधवार,30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले 2 घंटे में 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा और जो मतदाता निर्धारित समय तक मतदान केंद्र पहुंच जाएंगे। उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं,जिससे लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया।
मतदाता 25 उम्मीदवारों के भविष्य का करेंगे फैसला
इस उपचुनाव में कुल 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। हालांकि,मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर बीजेपी और जन सुराज समर्थकों के बीच नोकझोंक और झड़प की भी खबरें सामने आई हैं।
त्रिकोणीय मुकाबले पर सबकी नजर
बांकीपुर सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा,राजद और जन सुराज के बीच माना जा रहा है। NDA की ओर से भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है,जबकि महागठबंधन की ओर से राजद ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। जिससे इस सीट का मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है।
पुलिस कार्रवाई पर प्रशांत किशोर का आरोप
मतदान के बीच जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जन सुराज समर्थक मतदाता एकत्रित हो रहे हैं,वहां पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। उनके अनुसार,मंगलवार शाम से अब तक 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
'लाखों मतदाताओं को डराया नहीं जा सकता'
प्रशांत किशोर ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से लाखों मतदाताओं को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती घंटों में मतदान प्रतिशत कम दिखने का कारण लोगों में अस्थायी संकोच हो सकता है। लेकिन दिन बढ़ने के साथ मतदान में तेजी आएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के घरों से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
'फर्जी वोटिंग रोकने की पहल का स्वागत'
प्रशांत किशोर ने भाजपा द्वारा EPIC कार्ड की सख्त जांच की मांग का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि फर्जी मतदान रोकने के लिए यदि पहचान पत्रों की कड़ाई से जांच की जा रही है तो यह लोकतंत्र के हित में एक अच्छा कदम है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ऐसी व्यवस्था का स्वागत किया जाना चाहिए।
जीत का किया बड़ा दावा
मतदान के दौरान मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने अपनी जीत को लेकर पूरा विश्वास जताया। उन्होंने कहा, "हम 200 प्रतिशत जीतेंगे।" उनका दावा है कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार बांकीपुर में नया राजनीतिक संदेश देखने को मिलेगा। दूसरी ओर भाजपा और राजद दोनों ने भी अपनी-अपनी जीत का भरोसा जताया है। सभी प्रमुख दलों के नेता मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
नामांकन प्रक्रिया और चुनावी तस्वीर
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से 13 जुलाई तक चली थी। इस दौरान कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। हालांकि, तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी सहित कुछ प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हो गए, जबकि एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए।
यह भी पढ़ें: 12 साल जेल, 197 गवाह… फिर भी सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दे दी जमानत,जानिए वजह
अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और आगामी मतगणना पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा अपने गढ़ को बरकरार रख पाती है या जन सुराज और राजद में से कोई दल इस सीट पर नया राजनीतिक समीकरण स्थापित करने में सफल होता है।
Written By: Geeta Sharma