vijay thalapathy: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के ताज़ा नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। मतगणना के शुरुआती रुझानों में अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर की पार्टी TVK ने मजबूत प्रदर्शन किया। एक रिपोर्ट्स के अनुसार, TVK ने 100 सीटों का आंकड़ा पार करते हुए खुद को राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित किया है।

विजय की जीत पर उनके पिता ने दी अपनी प्रतिक्रिया

इस अप्रत्याशित और बड़े राजनीतिक उभार के बाद अभिनेता विजय के पिता और प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने बेटे की इस सफलता को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह विजय के राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण मोड़ है।

'विजय की यह जीत ऐतिहासिक है'

एस.ए. चंद्रशेखर ने कहा, विजय की यह जीत ऐतिहासिक है। उसने जिस तरह से बिना किसी बड़े राजनीतिक गठबंधन के अकेले चुनाव लड़ा, वह उसकी हिम्मत और नेतृत्व क्षमता को दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विजय का आत्मविश्वास लगातार मजबूत हुआ है और उसने जनता के साथ गहरा जुड़ाव स्थापित किया है।

उन्हें अपने बेटे पर बहुत गर्व है: एस.ए. चंद्रशेखर

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर बहुत गर्व है। उनके अनुसार, तमिलनाडु की जनता ने विजय को सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक नेता, भाई और अपने परिवार के सदस्य की तरह स्वीकार किया है। यही कारण है कि TVK को इस स्तर की सफलता मिल सकी है।

'विजय जनता के भरोसे पर खरा उतरा'

चुनावी रणनीति पर बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि किसी भी बड़े राजनीतिक गठबंधन के बिना चुनाव लड़ना आसान नहीं होता, लेकिन विजय ने यह जोखिम उठाया और जनता के भरोसे पर खरा उतरा। उन्होंने इसे साहसिक और दूरदर्शी निर्णय बताया।

'कांग्रेस का इतिहास और परंपरा बेहद मजबूत रही है'

इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी के संदर्भ में भी टिप्पणी की। चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास और परंपरा बेहद मजबूत रही है, लेकिन सत्ता से दूरी के कारण उसका जनाधार कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि लगातार समर्थन की राजनीति करने से किसी भी पार्टी की जड़ें कमजोर हो सकती हैं।

राज्य की पारंपरिक राजनीति में हो सकता है बड़ा बदलाव

TVK की इस कथित बड़ी जीत के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह रुझान स्थायी साबित होता है, तो राज्य की पारंपरिक राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है। फिलहाल, सभी की नजरें अंतिम परिणामों और आगे की राजनीतिक रणनीतियों पर टिकी हैं, जबकि विजय और उनकी पार्टी के समर्थक इस जीत को ऐतिहासिक क्षण के रूप में मना रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma