uttar Pradesh News: की राजधानी लखनऊ में आज लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का आरंभ किया गया। इसमें सीएम योगी ने विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में प्रदेश की बेटियों को रक्षाबंधन से पहले बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि अक्टूबर-नवंबर तक स्नातक की पढ़ाई कर रही 50 हजार बेटियों को स्कूटी दी जाएगी। सीएम ने डबल इंजन सरकार की सराहना करते हुए कहा कि, महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन को हमने अपनी योजनाओं में शामिल किया। सरकार ने बहनों की स्थिति को मजबूत बनाया है। बेटी को जन्म से लेकर शिक्षा,रोजगार और उद्यमिता तक सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन की गारंटी देने पर काम करने की बात कही।

महिलाओं के लिए 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस सेवा

सीएम ने रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश में सभी माता,बहनों और बेटियों के लिए यूपी परिवहन निगम और सिटी बसों में सफर को मुफ्त कर दिया है। 29 अगस्त के बाद 60 साल से ज्यादा की आय वाली सभी महिलाओं को भी बस में मुफ्त सफर करने की सुविधा उपलब्ध होगी। महिलाओं केवल अपना वोटर आईडी और आधार कार्ड दिखाएंगी जिससे उनका किराए नहीं लगेगा। सरकार ने इस योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृशक्ति योजना’ रखा गया है। सीएम योगी ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने महिला स्वावलंबन का अधिकार प्रस्तुत किया था। इसके साथ ही अहिल्याबाई होल्कर जी ने मंदिरों के पुनरुद्धार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अहिल्याबाई के नाम पर महिलाओं के छात्रावास का नाम

सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि, कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए गए छात्रावास का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जा रहा है। इसलिए बस में दी जाने वाली सेवा का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। संबोधन के दौरान सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि, साल 2017 से पहले प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा संकट था। पेंशन और छात्रवृत्ति में बिचौलिये ही मिलने वाला पैसा खा जाते थे। त्योहारों से पहले दंगे होते थे, और माफिया की सत्ता प्रदेश की सत्ता के समानांतर चलती थी।

बेटी की सुरक्षा में सेंध होगी जेल

सीएम ने कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा का काम मजबूती से किया जा रहा है। घर के अंदर या बाहर बेटी की सुरक्षा में किसी ने सेंध लगाई तो उसके लिए जेल या जहन्नुम में से एक जगह जगह तो जाना ही होगा। सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 में प्रदेश में करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं,लेकिन आज इनकी संख्या 45 हजार हो गई है। नई भर्ती के बाद यह संख्या 50 हजार हो जाएगी। महिला पीएसी की 3 बटालियन है। पिंक बूथ और वन स्टॉप सेंटर जैसी व्यवस्थाएं भी शुरू हुई।

बेटियां आज नाइट शिफ्ट में कर रही हैं काम

सीएम ने सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि, बेटियां आज सुरक्षित है। वह घर से बगैर डरे निकल सकती है। इतना ही आज बेटियां कारोबार करती है और सुरक्षित घर लौटती हैं। सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां नाइट शिफ्ट करने में भी खुश हैं। 36 प्रतिशत महिलाएं अब स्वावलंबी हो चुकी हैं।