Sant Kabir Nagar Industrial Corridor: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को नए पंख लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर 'इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर' (औद्योगिक गलियारा) विकसित करने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपा है। जिला प्रशासन अब इस प्रस्ताव को हरी झंडी के लिए राज्य सरकार (शासन) को भेजने पर मंथन कर रहा है।
गौरतलब है कि प्रस्तावित पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे संतकबीरनगर जिले की मेंहदावल तहसील के 32 गांवों से होकर गुजरेगा। यदि शासन से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यूपीडा (UPEIDA) के माध्यम से एक नियोजित औद्योगिक गलियारा तैयार किया जाएगा, जिससे न केवल संतकबीरनगर बल्कि पूरे बस्ती मंडल और पूर्वांचल के आर्थिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा।
क्या-क्या होगी सुविधाएं?
एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ उपयुक्त भूमि का सर्वेक्षण कर उसे चिह्नित किया जाए। यूपीडा के माध्यम से इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो। क्षेत्र में टेक्सटाइल गारमेंट पार्क, खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और कॉमन फैसिलिटी सेंटर बनाए जाएं। कॉरिडोर में फोर-लेन सड़कें, 24x7 बिजली supply, ड्रेनेज, डिजिटल नेटवर्क और गैस पाइपलाइन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। शासन स्तर पर इस योजना को प्राथमिकता देकर जल्द स्वीकृति दिलाई जाए।
विकास और रोजगार का नया हब बनेगा पूर्वांचल
उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक ने कहा कि जिले में होजरी, रेडीमेड गारमेंट, मेटलवेयर और कृषि-आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। एक्सप्रेस-वे के किनारे कॉरिडोर बनने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर स्थानीय युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। बाहरी और बड़े निवेशकों का ध्यान इस क्षेत्र की ओर आकर्षित होगा, जिससे राजस्व बढ़ेगा।
स्थानीय छोटे और मध्यम उद्योगों को अपने उत्पाद देश-विदेश तक भेजने के लिए बेहतरीन लॉजिस्टिक नेटवर्क मिलेगा। प्रशासनिक स्तर पर यदि इसे शीघ्र मंजूरी मिलती है, तो संतकबीरनगर आने वाले समय में पूर्वांचल का एक प्रमुख लॉजिस्टिक और औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा।
और पढे़ं:
गोंडा में पश्चिमी रिंग रोड का रास्ता साफ, 24 गांवों में 107 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
बिजनौर में विकास का मेगा प्लान, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से चमकेगी जिले की किस्मत