Patna: बिहार की राजधानी पटना में रोड एक्सीडेंट में युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में बवाल मच गया। गुस्साई भींड़ ने बस में आग लगा दी। साथ ही घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की 3 गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है की भीड़ ने पुलिस और पत्रकारों पर भी पथराव किया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला अगमकुआं थाना क्षेत्र का है। जहां पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचल दिया, इससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। और आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी। पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी की गई। यहां तक कुछ बसों के शीशे भी तोड़ दिए गए और कई बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई है। पत्रकारों पर भी लोगों ने पथराव किया।

 10 किलोमीटर लंबा जाम

एक दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके चलते करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस जाम का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। कई वाहन घंटों से फंसे हुए हैं, वहीं स्कूल बसों में सवार बच्चों और अभिभावकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें: UPI यूजर्स के लिए बड़ा झटका या राहत? लोकसभा से बिल पास, क्या अब हर पेमेंट पर देना होगा चार्ज!

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए। फिलहाल मृत युवक की पहचान और हादसे की असली वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Written By: Geeta Sharma