तृणमूल कांग्रेस की सांसद डॉ. काकोली घोष दस्तिदार के पुत्र और पेशे से मनोचिकित्सक डॉ. बैद्यनाथ घोष दस्तिदार ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है, उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके संबंध में सार्वजनिक रूप से ऐसे बयान दिए गए हैं जो तथ्यहीन और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले हैं।

डॉ. बैद्यनाथ ने कही ये बात

डॉ. बैद्यनाथ ने अपने जारी बयान में स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी बरासात विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए टीएमसी से टिकट नहीं मांगा, उनके अनुसार, यह प्रचारित किया जाना कि उन्होंने पार्टी से उम्मीदवार बनने की इच्छा जताई थी, पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

पूर्व विधायक सोनाली गुहा के आरोप को भी किया खारिज

डॉ. बैद्यनाथ ने पूर्व विधायक सोनाली गुहा द्वारा लगाए गए उन आरोपों को भी सिरे से खारिज किया, जिनमें उनके परिवार पर शराब सेवन से जुड़े दावे किए गए थे। बैद्यनाथ का कहना है कि ऐसे आरोप न केवल निराधार हैं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी हैं।

सोमवार को भेजा जाएगा नोटिस

डॉ. बैद्यनाथ ने बताया कि उनकी अधिवक्ता पूजा शुक्ला ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सांसद सौगत रॉय, कल्याण बनर्जी, महुआ मोइत्रा और सोनाली गुहा के नाम कानूनी नोटिस तैयार किया है। उनके हस्ताक्षर के बाद यह नोटिस सोमवार को संबंधित व्यक्तियों को भेजा जाएगा।

नोटिस में कही गई ये बात

नोटिस में मांग की गई है कि संबंधित नेता उनके खिलाफ दिए गए कथित गलत बयानों को वापस लें, सार्वजनिक रूप से उनका खंडन करें और माफी मांगें, साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो वे मानहानि समेत उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों का सहारा लेंगे।

अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई- बैद्यनाथ घोष

अपने बयान में बैद्यनाथ घोष दस्तिदार ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने कभी भी बरासात सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त नहीं की थी और उनके बारे में फैलाए जा रहे दावों का वास्तविक तथ्यों से कोई संबंध नहीं है, उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए वह कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

 

 

 

 

Written By Toshi Shah