पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के एक समूह ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परीक्षा बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित की जा रही थी और बड़ी संख्या में उम्मीदवार यात्रा कर रहे थे।

रेलवे ट्रैक पर बैठी 200 से 250 लोगों की भीड़

जानकारी के अनुसार, देर रात स्टेशन पर पहले से दो ट्रेनें मौजूद थीं, जिनमें परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद करीब 200 से 250 लोगों की भीड़ रेलवे ट्रैक पर बैठ गई और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग करने लगी। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए उच्च अधिकारियों से समन्वय कर एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था भी कर दी, जो लगभग ढाई बजे स्टेशन पहुंची।

स्पेशल ट्रेन उपलब्ध होने के बाद भी शांत नहीं हुआ प्रदर्शन

वहीं, स्पेशल ट्रेन उपलब्ध होने के बाद भी प्रदर्शन शांत नहीं हुआ। कुछ लोगों ने उग्र रुख अपनाते हुए पथराव किया और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हालात बिगड़ने पर रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला।

पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी छोड़े

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी की। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।

रेल अधिकारियों ने कही ये बात

रेल अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के बाद ट्रैक खाली करा लिया गया और रेल परिचालन को पुन सामान्य कर दिया गया। परीक्षा में शामिल होने वाले अन्य अभ्यर्थियों की यात्रा भी सुनिश्चित की गई।

कुछ लोगों द्वारा बार-बार किया गया नियमों का उल्लंघन

पटना जिला प्रशासन का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा बार-बार नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था और परीक्षा के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं में बाधा डाली जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें पहले ही उपलब्ध करा दी गई थीं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने स्थिति को बिगाड़ने का प्रयास किया।

स्टेशन के आसपास के इलाकों में सुरक्षा की गई कड़ी व्यवस्था

फिलहाल स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

 

 

Written By Toshi Shah