उत्तर प्रदेश में मौसम ने ऐसी पलटी मारी है कि लोगों के होश उड़ गए हैं। गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन ये राहत अब आफत बन गई है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते अगले 3 दिन यूपी के लिए भारी पड़ने वाले हैं। मौसम विभाग ने साफ़ कह दिया है कि सोमवार से बुधवार तक पूरे प्रदेश में आंधी, तेज बारिश और ओले गिरने का 'खतरनाक' अलर्ट है।

50 की रफ्तार से चलेंगी 'कातिल' हवाएं
आज यानी 6 अप्रैल को लखनऊ से लेकर मेरठ तक, करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर और बस्ती जैसे जिलों में आसमान से बिजली गिर सकती है। अगर आप इन इलाकों में हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि ये हवाएं पेड़ और खंभे तक उखाड़ने की ताकत रखती हैं।

कटी फसल और किसान के आंसू
इस बेमौसम की मार ने सबसे ज्यादा यूपी के किसानों को तोड़ा है। पश्चिमी यूपी में गेहूं की फसल कटकर खेतों में पड़ी थी, जो अब बारिश में भीग रही है। कई जगहों पर तो ओलों ने खड़ी फसल को बर्बाद कर दिया है। किसानों का कहना है कि साल भर की मेहनत पर पानी फिरता देख कलेजा मुंह को आ रहा है। अगर अगले दो दिन बारिश नहीं रुकी, तो नुकसान का अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल होगा।

'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' का पूरा खेल समझिए
वैज्ञानिकों का कहना है कि ये सब 'पश्चिमी विक्षोभ' के एक्टिव होने की वजह से हो रहा है। इसकी शुरुआत पश्चिमी यूपी से हुई और अब ये धीरे-धीरे पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले चुका है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और बुलंदशहर में सोमवार से बुधवार तक बारिश और ओले गिरने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं लेगा।

रविवार को दिखा 'मौसम का ट्रेलर'
कल यानी रविवार को ही मौसम ने अपना ट्रेलर दिखा दिया था। दोपहर में धूप थी, लेकिन रात होते-होते अचानक ठंडी हवाएं चलीं और कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई। इस अचानक बदलाव से तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। जो लोग कल तक पंखे-एसी(AC) चला रहे थे, उन्हें आज फिर से हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।

48 घंटे घर में रहने की सलाह
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगले 48-72 घंटे बहुत ज़रूरी काम हो तभी घर से निकलें। खासकर लखनऊ, कानपुर और झांसी मंडल में बादलों की आवाजाही के साथ अचानक तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

Written by: Anushka sagar