उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने बीते दिन यानी रविवार को पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। इस बार नेहा पांचाल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अनन्या त्रिवेदी दूसरे और अभय प्रताप सिंह तीसरे स्थान पर रहे। खास बात यह रही कि इस बार शीर्ष रैंक में महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा—टॉप 10 में 6 लड़कियां शामिल हैं और पहले दो स्थान भी उन्होंने ही अपने नाम किए हैं।

932 उम्मीदवारों ने हासिल की सफलता

कुल 947 पदों के मुकाबले 932 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। इनमें 613 पुरुष और 319 महिलाएं शामिल हैं। आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार, यह चयन कुल 24 विभिन्न प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए किया गया है। इससे पहले मुख्य परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था।

Latest and Breaking News on NDTV

2719 अभ्यर्थियों ने दिया था इंटरव्यू

इंटरव्यू चरण के लिए कुल 2719 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था, साथ ही, इलाहाबाद हाई कोर्ट में दाखिल याचिका संख्या 5254/2025 (ऋषि प्रकाश बनाम यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन) और उससे संबंधित 14 अन्य याचिकाओं पर दिए गए आदेश के आधार पर 20 मार्च 2026 को दो अतिरिक्त उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से योग्य माना गया।

परीक्षा में शामिल हुए थे 13,776 अभ्यर्थी

मुख्य परीक्षा 29 जून से 2 जुलाई 2025 के बीच प्रयागराज और लखनऊ के केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 13,776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हालांकि, एस्टेट ऑफिसर के एक पद और मैनेजर के 14 पद योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण खाली रह गए हैं। आयोग ने इन रिक्तियों को नियमानुसार आगे के लिए सुरक्षित रखने की सिफारिश की है, जिसकी सूचना समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जाएगी।

  Written By Toshi Shah