विजय आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लिया। विजय के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। वहीं, प्रोटोकॉल के मुताबिक तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन को भी समारोह के लिए न्योता भेजा गया था। बता दें कि तमिलनाडु में चुनावी नतीजे जारी होने के बाद से मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन VCK और IUML के समर्थन बाद अब थलपति विजय की पार्टी टीवीके सरकार बनाने के लिए तैयार हो गई। वहीं, वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पास दो-दो सीट हैं। दोनों पार्टियों के समर्थन को मिलाकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सीट की संख्या अब 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 हो गई है।

विजय ने ली तमिलनाडु CMपद की शपथ

विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है और इसी के साथ आज से राज्य की कमान उनके हाथों में आ गई है। विजय के बाद टीवीके के विधायक थिरु एन आनंद ने तमिलनाडु के मंत्री पद की शपथ ली है, उन्हें विजय का करीबी माना जाता है। वहीं, विजय के करीबी और विल्लीवक्कम सीट से विधायक आधव अर्जुन ने तीसरे नंबर पर शपथ ली है। वह बास्केटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने डीएमके के कार्तिक मोहन को हराया है। इसके बाद टीवीके के महासचिव अरुण राज ने चौथे नंबर पर शपथ ली है। विजय की सरकार में सेंगोटैय्यन भी मंत्री बने हैं, उन्हें राज्यपाल ने शपथ दिलाई। टीवीके के लिए चुनाव प्रबंधन संभालने वाले पी वेंकटरमण ने भी मंत्री पद की शपथ ली है, उन्हें विजय के करीबी सहयोगियों में गिना जाता है। इसके साथ ही तिरुपनकुंड्रम सीट से विधायक और टीवीके की सोशल मीडिया टीम के वाइस चेयरपर्सन आर निर्मल कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। जेनजी के बीच लोकप्रिय राजमोहन टीवीके के डिप्टी सेक्रेटरी हैं, उन्होंने भी मंत्री पद की शपथ ली है। टीके प्रभु ने मंत्री पद की शपथ ली है, उन्हें विजय का भरोसामंद माना जाता है। विजय ने अपनी टीम में एक महिला विधायक को भी शामिल किया है। शिवकाशी सीट से विधायक एस कीर्तना को भी मंत्री बनाया गया है, राज्यपाल ने उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई है।

चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम में हुआ शपथ ग्रहण समारोह

थलपति विजय का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम में लिया। बता दें कि पहले विजय 3 बजकर 45 मिनट पर शपथ ग्रहण करने वाले थे, लेकिन उनके एस्ट्रोलॉजर ने उन्हें सुबह 10 बजे शपथ लेने की सलाह दी। विजय ने 9 मई को लोक भवन में तमिलनाडु के गवर्नर से मुलाकात की और उन्हें टीवीके के लीडर के तौर पर अपने चुनाव की जानकारी देते हुए एक लेटर दिया था। जिसके बाद तमिलनाडु के गवर्नर ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त किया और उन्हें सरकार बनाने के लिए इनवाइट किया था। राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 को या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए कहा है।

नेहरू स्टेडियम पहुंचे राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं, जहां वो विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। यहां कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।

साउथ इंडियन लुक में पहुंचीं तृषा

विजय के सीएम शपथ ग्रहण समारोह में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन साउथ इंडियन लुक में पहुंचीं। सिल्क साड़ी, बालों में गजरा और माथे पर बिंदी लगाए एक्ट्रेस बेहद प्यारी लग रही थीं।

एक नया चैप्टर शुरू- गिरीश चोडांकर

कांग्रेस नेता गिरीश चोडांकर ने सीएम बनने जा रहे विजय के शपथ ग्रहण से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की, उन्होंने लिखा, 'एक नया चैप्टर शुरू! तमिलनाडु ने उम्मीद चुनी है. Gen Zने बदलाव चुना है. आज, जब थिरु विजय शपथ ले रहे हैं, तो पूरे तमिलनाडु में युवाओं की आवाज गूंज रही है. 59 साल बाद, कांग्रेस तमिलनाडु में सत्ता में वापस आ रही है, जो एक ऐतिहासिक राजनीतिक पल है. विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के सपोर्ट से, लोगों को सबसे पहले रखने वाली राजनीति का एक नया दौर शुरू हो रहा है।'

बीजेपी के कई नेता समारोह में मौजूद

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और भाजपा नेता के अन्नामलाई चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मौजूद हैं. इसके अलावा तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाईं सुंदरराजन भी वहां पहुंचीं हैं।

 

Written By Toshi Shah