अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है। एक हालिया सर्वे के मुताबिक उनकी समग्र लोकप्रियता दर घटकर 37 प्रतिशत रह गई है, जबकि 66 प्रतिशत लोग उनकी आर्थिक नीतियों से असंतुष्ट हैं। नवंबर में होने वाले चुनाव से पहले इस सर्वे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर लोगों ने दिया ऐसा प्रतिक्रिया
‘वॉशिंगटन पोस्ट-एबीसी न्यूज-इप्सोस’ के सर्वे के अनुसार, आव्रजन के मुद्दे पर ट्रंप को अन्य क्षेत्रों की तुलना में थोड़ा बेहतर समर्थन मिला है। अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर उनकी नीतियों को 45 प्रतिशत लोगों ने सही माना, जबकि 54 प्रतिशत ने इसका विरोध किया।
प्रमुख मुद्दों पर नहीं भरोसा करते राजनीतिक दल पर
सर्वे में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक प्रमुख मुद्दों पर किसी भी राजनीतिक दल पर भरोसा नहीं कर रहे है। आव्रजन (Immigration) पर 23 प्रतिशत, अर्थव्यवस्था पर 27 प्रतिशत, अपराध पर 28 प्रतिशत और महंगाई पर 33 प्रतिशत लोगों ने किसी दल पर विश्वास नहीं जताया।
51 प्रतिशत लोगों ने AI के मामले में किसी पार्टी पर नहीं जताया भरोसा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मामले में भी करीब 51 प्रतिशत लोगों ने न तो रिपब्लिकन और न ही डेमोक्रेटिक पार्टी पर भरोसा जताया। ईरान के साथ बढ़ते तनाव ने ट्रंप की आर्थिक नीतियों पर जनता के विश्वास को प्रभावित किया है, जो उनके दूसरे कार्यकाल में अहम भूमिका निभा रहा था।
ईरान को लेकर 66 प्रतिशत लोगों ने जताई असहमति
ईरान से निपटने के तरीके को लेकर 66 प्रतिशत लोगों ने असहमति जताई, जबकि 33 प्रतिशत ने समर्थन किया। अर्थव्यवस्था पर उनकी रेटिंग सात अंक गिरकर 34 प्रतिशत रह गई है, और ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर भी साफ दिखाई दे रहा है।
महंगाई को लेकर 27 प्रतिशत लोगों ने ही किया समर्थन
महंगाई को लेकर उनकी लोकप्रियता दर पांच अंक घटकर 27 प्रतिशत हो गई है, जबकि जीवन-यापन की लागत के मुद्दे पर उनकी रेटिंग सबसे कम 23 प्रतिशत है। इस मामले में 76 प्रतिशत लोगों ने असंतोष जताया।
अस्वीकृति बढ़कर 62 प्रतिशत तक पहुंची
रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी में उनकी लोकप्रियता 39 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 37 प्रतिशत हो गई है, जबकि अस्वीकृति बढ़कर 62 प्रतिशत पहुंच गई है। जो उनके कार्यकाल का सबसे ऊंचा स्तर है। हालांकि, रिपब्लिकन समर्थकों के बीच उनकी पकड़ अभी भी मजबूत है, जहां उन्हें 85 प्रतिशत समर्थन मिल रहा है।
Written By Toshi Shah