अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर संभावित हमले की अपनी तय समय सीमा को 10 दिन बढ़ाकर 6 अप्रैल, 2026 तक कर दिया है। ट्रंप का कहना है कि यह फैसला उन्होंने ईरानी सरकार के अनुरोध पर लिया है और दोनों देशों के बीच बातचीत “काफी अच्छी” चल रही है। हालांकि, ईरान ने अब तक अमेरिका की शांति पहल पर ठंडी प्रतिक्रिया दी है और यह भी कहा है कि अमेरिका के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है।

ट्रंप ने कही ये बात

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया "बातचीत जारी है और फेक न्यूज मीडिया और अन्य लोगों के गलत बयानों के बावजूद, वे बहुत अच्छी तरह से चल रही हैं."  उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे मध्य पूर्व में चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए किसी समझौते को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं।

ट्रंप ने 48 घंटे का दिया था अल्टीमेटम

गौरतलब है कि इससे पहले ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था और चेतावनी दी थी कि ऐसा न करने पर उसके Power Plants को निशाना बनाया जाएगा, लेकिन बाद में उन्होंने पहले 5 दिन और फिर 10 दिन के लिए इस कार्रवाई को टाल दिया।

अमेरिकी दूत स्टीव ने कही ये बात

इस बीच, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने खुलासा किया कि अमेरिका ने पाकिस्तान के माध्यम से ईरान को 15 बिंदुओं वाला शांति प्रस्ताव भेजा है, उनका कहना है कि अब देखना होगा कि क्या ईरान इस मौके को एक निर्णायक मोड़ के रूप में स्वीकार करता है या नहीं।

ईरान की समाचार एजेंसी ने कही ये बात

वहीं, ईरान की समाचार एजेंसी के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर उसकी प्रतिक्रिया बिचौलियों के जरिए भेज दी गई है और अब वह अमेरिका की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।

 Written By Toshi Shah