अमेरिकी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तेहरान ने किसी तरह की “बदसलूकी” या उकसावे वाली कार्रवाई की, तो अमेरिका एक बार फिर सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है, साथ ही उन्होंने कहा कि वह ईरान की ओर से आए नए शांति प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें इस बात पर संदेह है कि यह प्रस्ताव युद्ध खत्म करने के लिए पर्याप्त साबित होगा या नहीं।
ईरान के प्रस्ताव पर अमेरिका की प्रतिक्रिया
ट्रंप के मुताबिक उन्हें इस समझौते की शुरुआती रूपरेखा के बारे में जानकारी दी गई है और जल्द ही इसका पूरा मसौदा उन्हें सौंपा जाएगा। हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संकेत दिया कि अमेरिका के लिए इस प्रस्ताव को स्वीकार करना आसान नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने तेहरान को धमकी भी दी कि उसने अभी तक अपने अपराधों के लिए पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।
ईरान का 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह प्रस्ताव व्यापक स्तर पर युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके मुख्य बिंदु इस प्रकार बताए गए हैं:
- अस्थायी संघर्ष विराम के बजाय स्थायी शांति समझौते पर जोर
- 30 दिनों के भीतर अंतिम समाधान की कोशिश
- भविष्य में हमलों से बचाव के लिए सुरक्षा गारंटी की मांग
- क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य उपस्थिति कम करने और नौसैनिक दबाव हटाने की मांग
- ईरान की जब्त संपत्तियों को वापस करने और प्रतिबंधों के नुकसान की भरपाई की मांग
- होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नई व्यवस्था बनाने का सुझाव
कूटनीति या टकराव?
ईरान ने यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए भेजा है। उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी का कहना है कि यह योजना लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अब फैसला अमेरिका को करना है कि वह बातचीत का रास्ता चुनता है या टकराव जारी रखता है।
Written By Toshi Shah