अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिन यानी सोमवार (4 मई 2026) को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे अमेरिकी सुरक्षा वाले जहाजों पर हमला किया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और “धरती के नक्शे से उसका नाम मिटा दिया जाएगा।”

ईरान ने कुछ जहाजों को बनाया निशाना

ट्रंप ने यह बयान ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में दिया। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ईरान पर आरोप है कि उसने कुछ जहाजों को निशाना बनाया है, जिन्हें अमेरिकी सेंट्रल कमांड के नेतृत्व में चल रहे ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के तहत सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से निकाला जा रहा था।

प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर ट्रंप ने कही ये बात

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर यह भी दावा किया कि हमलों में एक दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज भी शामिल था, उनके अनुसार यह अभियान उस समय से चल रहा है जब 28 फरवरी के बाद से इस क्षेत्र में तनाव बढ़ा और मार्ग लगभग बाधित हो गया, उन्होंने यह संकेत भी दिया कि दक्षिण कोरिया को अब इस अभियान में शामिल होना चाहिए, क्योंकि उनके अनुसार ईरान ने कई देशों को निशाना बनाया है, जिनमें दक्षिण कोरियाई जहाज भी शामिल हैं।

ट्रंप ने नौकाओं पर हुई कार्रवाई पर की बात

इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने हाल ही में कुछ छोटी नौकाओं पर कार्रवाई की है, उन्होंने यह भी जोर दिया कि अमेरिका के पास अत्याधुनिक हथियार, पर्याप्त गोला-बारूद और दुनिया भर में फैले सैन्य अड्डे हैं, जिनका जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है।

 

Written By Toshi Shah