ईरान को लेकर बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर रहेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान ईरान से जुड़े हालात समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। ट्रंप ने अपनी यात्रा को लेकर उत्साह जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी मुलाकात सकारात्मक और परिणामकारी रहेगी। खास बात यह है कि 2017 के बाद ट्रंप पहली बार बीजिंग पहुंच रहे हैं।
ट्रंप के साथ कई कंपनियों के शीर्ष अधिकारी कर रहे हैं प्रतिनिधिमंडल
राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को वाशिंगटन से रवाना हुई, उनके साथ कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी चीन जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में एप्पल के सीईओ टिम कुक, टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क सहित ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन, बोइंग, कारगिल, सिटी, सिस्को, जनरल इलेक्ट्रिक एयरोस्पेस, गोल्डमैन सैक्स, मास्टरकार्ड, मेटा, माइक्रोन, क्वालकॉम और वीजा जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल पर पोस्ट कर दी जानकारी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर चीन यात्रा को लेकर पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा कि वह इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं और चीन को एक महान देश बताया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुनिया भर में उनका सम्मान किया जाता है और दोनों देशों के संबंधों में आगे बेहतर संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।
17 बड़े कॉर्पोरेट लीडर्स ट्रंप के साथ होंगे
व्हाइट हाउस के मुताबिक, इस दौरे में कुल 17 बड़े कॉर्पोरेट लीडर्स ट्रंप के साथ होंगे। इनमें ब्लैकरॉक के लैरी फिंक, ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्जमैन, बोइंग की केली ऑर्टबर्ग, सिटी की जेन फ्रेजर, सिस्को के चक रॉबिंस और क्वालकॉम के क्रिस्टियानो अमोन जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
ट्रंप ने चीन और शी जिनपिंग का किया तारीफ
सोमवार को मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने चीन और शी जिनपिंग को लेकर कई सकारात्मक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि ताइवान और ऊर्जा सुरक्षा उनकी यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। ट्रंप के मुताबिक, उनकी सरकार चीन के साथ संतुलित और समझदारी भरा व्यापारिक संबंध बना रही है।
चीन ने अमेरिका का फायदा उठाया- ट्रंप
ट्रंप ने पूर्व अमेरिकी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक चीन ने अमेरिका का फायदा उठाया, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनके और शी जिनपिंग के बीच अच्छे संबंध हैं और दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की कार्यशैली की भी आलोचना की।
Written By Toshi Shah