अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा कि उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग (Xi Jinping) का यह आकलन “100 प्रतिशत सही” था कि अमेरिका पतन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन उनका इशारा पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के कार्यकाल की ओर था।

सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर ट्रंप ने कही ये बात

सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर साझा किए गए एक बयान में ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग की टिप्पणी उस दौर को दर्शाती है, जब बाइडन प्रशासन के चार वर्षों में अमेरिका को कई मोर्चों पर नुकसान उठाना पड़ा। ट्रंप के अनुसार, खुली सीमा नीति, ऊंचे कर, ट्रांसजेंडर नीतियां, महिलाओं के खेलों में पुरुष खिलाड़ियों की भागीदारी, विविधता-समानता-समावेशन (DEI) कार्यक्रम, कमजोर व्यापार समझौते और बढ़ते अपराध जैसी नीतियों ने देश को कमजोर किया।

ट्रंप ने किया ये दावा

ट्रंप ने दावा किया कि उनके प्रशासन के शुरुआती 16 महीनों में अमेरिका ने तेज प्रगति दर्ज की है। उन्होंने मजबूत शेयर बाजार, सुधरती अर्थव्यवस्था, बढ़ते रोजगार, सैन्य उपलब्धियों और विदेशी निवेश में वृद्धि को अपनी सरकार की बड़ी सफलताएं बताया। साथ ही उन्होंने वेनेजुएला के साथ संबंधों में सुधार और ईरान के खिलाफ सख्त रुख का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि शी जिनपिंग की टिप्पणी वर्तमान ट्रंप प्रशासन पर नहीं, बल्कि उस दौर पर आधारित थी जब अमेरिका आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहा था। ट्रंप ने यह भी कहा कि अब अमेरिका पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है और चीन के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की-ट्रंप

ट्रंप ने अपने बयान में यह दावा भी किया कि उनकी सरकार ने कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनकी सराहना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है।

Written By Toshi Shah