गर्मियों में कूलर राहत तो देता है, लेकिन अगर उससे मछली जैसी या सीलन भरी बदबू आने लगे तो पूरा कमरा असहज हो जाता है। यह समस्या ज्यादातर गंदे पानी, फंगस और बैक्टीरिया की वजह से होती है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपायों से कूलर को फिर से फ्रेश और खुशबूदार बनाया जा सकता है।

कूलर से बदबू क्यों आती है?

अगर कूलर की टंकी में कई दिनों तक पुराना पानी भरा रहे तो उसमें बैक्टीरिया और फफूंदी पनपने लगती है। यही कारण है कि कूलर से सड़ी या सीलन जैसी गंध आने लगती है। इसके अलावा लगातार गीले रहने वाले कूलर पैड्स (घास) में भी फंगस जम जाती है। कमरे में वेंटिलेशन कम होने पर नमी बढ़ती है और बदबू ज्यादा महसूस होती है। कई बार टंकी में जमा कैल्शियम की परत, काई और गंदगी भी हवा की गुणवत्ता खराब कर देती है।

सफेद सिरका करेगा असरदार सफाई

कूलर की दुर्गंध दूर करने के लिए सफेद सिरका बेहद कारगर माना जाता है।

* सबसे पहले कूलर की टंकी खाली करें।
* फिर उसमें साफ पानी भरें।
* अब एक से दो कप सफेद सिरका मिलाकर कूलर को 10–15 मिनट तक चलाएं।
इससे टंकी में मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं और बदबू धीरे-धीरे खत्म होने लगती है।

बेकिंग सोडा से मिलेगी राहत

अगर गंध ज्यादा तेज हो तो कूलर के पानी में 2–3 चम्मच बेकिंग सोडा डाल सकते हैं। बेकिंग सोडा बदबू को कम करने में मदद करता है और पानी को ज्यादा देर तक ताजा बनाए रखता है। साथ ही टंकी की हल्की सफाई भी हो जाती है।

नीम और नींबू से बनी रहे ताजगी

नीम को प्राकृतिक क्लीनर माना जाता है।

* कूलर की टंकी में नीम की पत्तियों की छोटी पोटली डालने से बैक्टीरिया कम पनपते हैं।
* चाहें तो नीम के तेल की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं।
वहीं, अगर तेज बदबू आ रही हो तो 4–5 नींबू का रस पानी में मिलाना फायदेमंद रहता है। इससे पानी की गंध कम होती है और हवा ज्यादा ताजा महसूस होती है।

कूलर की घास और टैंक की सफाई जरूरी

सिर्फ पानी बदलना काफी नहीं होता।
* कूलर के पैड्स या घास को नियमित रूप से साफ करें।
* अगर घास बहुत पुरानी हो गई हो तो उसे बदल देना बेहतर होता है।
* समय-समय पर पैड्स को धूप में सुखाने से फंगस कम होती है।

Written By Toshi Shah