उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी पति सन्नी सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
क्या है मामला
यह घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका मीनू के पिता बालकिशन ने 8 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति सन्नी सैनी ने चाकू से हमला करके की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में ये बात आई सामने
जांच में सामने आया कि सन्नी और मीनू ने करीब 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों का परिवार बढ़ा और उनके चार बच्चे भी हुए। हालांकि, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
चाकू से पत्नी का किया हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। वह कई बार उसे वापस लाने के लिए गया, लेकिन मीनू उसके साथ लौटने को तैयार नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि इसी नाराजगी में सन्नी ने कुछ दिन पहले चाकू खरीदा था। घटना वाले दिन वह पत्नी को मनाकर घर वापस लाने पहुंचा, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मीनू की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Written By Toshi Shah