महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। घटना बीते दिन यानी शुक्रवार रात लगभग 10 बजे हुई, जब परिवार की कार अनियंत्रित होकर एक कुएं में गिर गई। हादसे में मरने वालों में छह बच्चे भी शामिल हैं। मरने वालों की पहचान दरगुडे परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दरगुडे परिवार किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, और कार सीधे कुएं में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में सात साल की एक बच्ची सहित छह बच्चों की मौत हो गई। इसके अलावा सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और बेटी भी हादसे में मारे गए।
मृतकों की सूची
इस हादसे में कार से 9 लाशें निकाली गईं, जबकि कार से निकलकर कुएं में डूबी एक लड़की की लाश ढूंढने के लिए स्पेशल ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में मरने वालों की पहचान सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (उम्र 34), उनकी पत्नी रेशमा सुनील दरगोड़े (30), बेटी राखी उर्फ गुणवंती (10) और दो भतीजी माधुरी अनिल दरगोड़े (13), श्रवणी अनिल दरगोड़े (11) के रूप में हुई है। इसके अलावा इस हादसे में आशा अनिल दरगोड़े (32), उनके बेटे श्रेयश अनिल दरगोड़े (11), बेटी सृष्टि अनिल दरगोड़े (14) और भतीजी समृद्धि राजेश दरगोड़े (7) की भी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों की मदद से कार और शव कुएं से निकालकर डिंडोरी सरकारी अस्पताल ले जाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस त्रासदी ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैला दी है।
Written By Toshi Shah