रूस में एक दर्दनाक विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसमें एक सैन्य परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रूस के क्रीमिया में हुआ है। बताया गया है कि एंटोनोव-26 मॉडल का यह विमान नियमित उड़ान पर था, तभी अचानक उससे संपर्क टूट गया।
रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
रक्षा मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार, 31 मार्च की शाम मॉस्को समयानुसार लगभग 6 बजे हुई। विमान अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही नियंत्रण कक्ष से उसका संपर्क पूरी तरह समाप्त हो गया। संपर्क टूटने के बाद तुरंत ही खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।
मौके पर हुई 29 लोगों की मौत
काफी प्रयासों के बाद बचाव दलों ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया। जब टीम वहां पहुंची, तो स्थिति बेहद भयावह थी। रिपोर्टों के अनुसार, विमान में कुल 29 लोग सवार थे, जिनमें 6 चालक दल के सदस्य और 23 यात्री शामिल थे। दुर्भाग्यवश, किसी भी व्यक्ति के जीवित बचने की पुष्टि नहीं हो सकी। सभी की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
मामले के जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विमान सीधा एक पहाड़ी से जा टकराया है, जिसके वजह से ये हादसा हो गया। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। यह हादसा न केवल रूस के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक दुखद घटना है। फिलहाल, जांच एजेंसियां हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई हैं और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है।
Written By Toshi Shah