यूपी में मौनसून ने दस्तक दे दी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। गुरूवार, 9 जुलाई को राज्य में काफी तेज बारिश हुई, मौसम काफी खुशनुमा हो गया। प्रदेश में बारिश राहत के साथ आफत लेकर भी आई। जानकारी के अनुसार बारिश की वजह से हुए अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत हो गई। बारिश को देखते हुए मेरठ, मुजफ्फर नगर, बिजनौर, सहारनपुर में आज 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही सीएम योगी ने आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि व आर्थिक हानि का भी संदेश लिया है। इसके साथ ही सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रभावित परिवारों की सहायता का सीएम ने दिया निर्देश

सीएम योगी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकलकर प्रभावित परिवारों की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने कामना की।

संत कबीर नगर में 2 महिलाओं की मौत

इससे पहले तेज बारिश की वजह से हुई अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक ये मौतें संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में हुईं है। अधिकारियों ने बताया कि संत कबीर नगर में, 2 महिलाओं की अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं रिपोर्ट प्राप्त कर ली गई है और उनके परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत

बता दें, कुशीनगर के विशनपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के थडीभर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल कुमार खेत की मेड़ पर खड़ा था, उसकी मां उसको सब्जियां तोड़ दे रही थी। हालांकि पुलिस घटना स्थल पर पहुंच मामले का संज्ञान लिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पुरिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

बुलंदशहर में दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत

बुलंदशहर में भारी बारिश के बाद खुर्जा के मूंडाखेड़ा गांव में दीवार गिरने से 3 की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। CO शोभितत कुमार ने बताया कि हादसा शाम 5 बजे की है। करीब 5 बजे दीवार गिरी, जिससे खाली प्लॉट के किनारे बने अस्थायी तंबुओं में रह रहे 6 लोग दब गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 3 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

शामली में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत

वहीं शामली जिले में, भारी बारिश के दौरान थानाभवन कस्बे में एक टिन की शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई। इसमें उनके दो बेटे - अमन (17) और नौमान (15) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल स्टेशन हाउस ऑफिसर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और 3 को अस्पताल पहुंचाया, जहां शाहिद को मृत घोषित कर दिया गया। उनके बेटों का इलाज चल रहा है।

गाजियाबाद में नाले में बह जाने से बच्ची की मौत

गाजियाबाद के विजय नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सर्वोदय कॉलोनी में पानी से भरे नाले में बह जाने से 3 वर्षीय पल्लवी की डूबने से मौत हो गई। सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने बताया कि बच्ची अपने घर के बाहर जमा हुए बारिश के पानी में गिर गई और उसकी मौत हो गई। वहीं नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि मृतक के परिवार को नियमों के अनुसार सहायता और मुआवजा दिया जाएगा।

11 जुलाई तक पूरे राज्य में बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने बताया कि 11 जुलाई तक पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना है। अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना है।

नोएडा में भी जलभराव

नोएडा के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जलभराव वाली सड़कों पर वाहन खराब हो गए। पानी भरने से लंबे ट्रैफिक जाम की खबरें आईं। नोएडा के सेक्टर 33 स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय जलमग्न हो गया। वहीं प्रयागराज के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन और महिला थाने में भी बाढ़ की सूचना मिली।

Written By: Geeta Sharma