पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर बढ़ते मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। आज यानी गुरुवार, 28 मई को पार्टी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अपनी ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने दावा किया कि कल्याण बनर्जी ने संसद परिसर के भीतर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और महिला सांसदों के प्रति अनुचित व्यवहार किया।
काकोली घोष ने लोकसभा स्पीकर से की शिकायत दर्ज
काकोली घोष दस्तीदार ने अपने पत्र में लोकसभा स्पीकर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अनुमति मांगी और कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बारासात से सांसद दस्तीदार ने लिखा कि कल्याण बनर्जी ने कई बार उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला सांसदों के प्रति उनका रवैया लगातार आपत्तिजनक रहा है और इस मामले में सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।
TMC के हार के बाद ऐसे मामले आ रहे हैं सामने
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद TMC के अंदर असंतोष और आंतरिक खींचतान की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। पार्टी के भीतर कई नेताओं की नाराजगी सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रही है।
एक दिन पहले ही काकोली घोष ने दिया था इस्तीफा
घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि काकोली घोष दस्तीदार ने एक दिन पहले ही पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दिया था। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व के कुछ वर्गों पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए तीखी राजनीतिक टिप्पणी भी की थी। हालांकि, वह अब भी बारासात से लोकसभा सांसद बनी हुई हैं।
कल्याण बनर्जी ने कही ये बात
वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि यदि सदन के भीतर कोई घटना हुई थी तो उसकी जानकारी तुरंत लोकसभा अध्यक्ष को दी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत में समय पर जानकारी देना जरूरी होता है। साथ ही उन्होंने आरोपों के पीछे राजनीतिक मंशा होने का संकेत भी दिया। कल्याण बनर्जी ने कहा कि आरोपों की सत्यता से ज्यादा सवाल यह है कि किस उद्देश्य से इन्हें उठाया जा रहा है।
TMC ने अभी तक इस मामले पर नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
फिलहाल, इस पूरे विवाद पर तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन पार्टी के भीतर बढ़ती बयानबाजी और सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप ने बंगाल की सियासत में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।
Written By Toshi Shah