दिल्ली के उत्तर पूर्वी के दयालपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां गली नंबर-19 में 25 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता ने मकान की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। बता दें कि घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

गर्भवती थी महिला

परिवार के मुताबिक महिला ने अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया था और शादी को अभी करीब तीन महीने ही हुए थे। परिवारों का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा सोने और पैसों की मांग की जाने लगी थी। इसी बात को लेकर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजन का कहना है कि महिला गर्भवती भी थी, जिसके चलते वह ये तनाव बर्दाश्त नहीं कर पाई।

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और महिला को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसेक बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

सास और पति पर दहेज मांगने के आरोप

बता दें कि मृतका महिला के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Written By Toshi Shah