अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित सैन डिएगो काउंटी से एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां सोमवार को एक बड़े इस्लामिक सेंटर के बाहर दो नाबालिग हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में मस्जिद की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों संदिग्ध हमलावरों ने खुद को भी गोली मार ली।
नमाज से पहले हुआ हमला
प्रारंभिक जांच में अमेरिकी जांच एजेंसियां इस मामले को संभावित हेट क्राइम के तौर पर देख रही हैं। एफबीआई और स्थानीय पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमला धार्मिक नफरत से प्रेरित था या नहीं। जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर की नमाज से कुछ समय पहले हुई, जब मस्जिद परिसर में लोग मौजूद थे। अचानक शुरू हुई गोलीबारी से वहां भगदड़ मच गई। मस्जिद परिसर में चल रहे डे-स्कूल के बच्चों और अन्य लोगों में डर का माहौल फैल गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। अधिकारियों ने स्कूल में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचा।
घटनास्थल से तीन लोगों के शव हुए बरामद
घटनास्थल के बाहर तीन लोगों के शव बरामद हुए। इनमें एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल था, जिसने हमलावरों को इमारत के अंदर प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। अधिकारियों का कहना है कि उसकी बहादुरी के कारण बड़ा नुकसान टल गया।
17 और 19 वर्ष के थे हमलावर
कुछ समय बाद पुलिस को नजदीकी इलाके में खड़ी एक कार से दो नाबालिग के शव मिले। जांचकर्ताओं का मानना है कि यही दोनों हमले में शामिल थे। उनकी उम्र करीब 17 और 19 वर्ष बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
इसी दौरान आसपास के क्षेत्र में एक माली पर भी गोली चलने की घटना सामने आई, हालांकि वह सुरक्षित बच गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उस घटना का संबंध भी इसी हमले से है या नहीं। फिलहाल एफबीआई और स्थानीय एजेंसियां हमलावरों के डिजिटल डाटा, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य संपर्कों की जांच कर रही हैं, ताकि इस हमले के पीछे की वजह और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।
Written By Toshi Shah