Rahul Gandhi Slams PM Modi:  NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी बहस छिड़ चुकी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री इस मामले की जांच की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं, तो क्या उन्होंने पेपर लीक की भी व्यक्तिगत निगरानी की थी। वहीं राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि इसे गैर-जिम्मेदाराना और सनसनी फैलाने वाला बयान बताया है।

पूरा विवाद क्या है?

विवाद की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के बयान से हुई। उन्होंने अदालत को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NEET-UG पेपर लीक मामले और उससे जुड़ी जांच की प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं। यह टिप्पणी उस समय सामने आई जब सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से जांच प्रक्रिया और उसके निष्कर्षों को लेकर विस्तृत हलफनामा दाखिल करने को कहा।

राहुल ने केंद्र सरकार पर उठाया सवाल

तुषार मेहता के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि "PM मोदी ने NEET पेपर लीक की भी व्यक्तिगत रूप से निगरानी की थी।" कांग्रेस नेता पिछले कई दिनों से इस मामले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।

बेतुका और गैर-जिम्मेदाराना: भाजपा

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे बेतुका और गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि ऐसे बयान छात्रों और उनके परिवारों की वास्तविक चिंताओं को हल्का बनाते हैं। वहीं बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी का बयान तर्कहीन है और यही वजह है कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जाता। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे पूरे मुद्दे को समझे बिना बयानबाजी कर रहे हैं।

मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है

गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए थे। इसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई और मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई। फिलहाल यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।

विपक्ष छात्रों की समस्या से राजनीतिक लाभ ले रही: भाजपा

जहां कांग्रेस सरकार से जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग कर रही है, वहीं बीजेपी का आरोप है कि विपक्ष छात्रों की समस्या का समाधान खोजने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है। इस बीच, NEET-UG विवाद पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

Written By: Geeta Sharma