तमिलनाडु की राजनीति में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद जारी सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। लेकिन बहुमत के आंकड़े से अभी भी कुछ कदम दूर है। ऐसे में आज होने वाली तीन महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठकों पर पूरे राज्य की नजर टिकी हुई है। वामपंथी दलों और वीसीके के फैसले से यह तय हो सकता है कि तमिलनाडु में अगली सरकार किसकी बनेगी।
TVK अभी बहुमत से 10 सीट पीछे
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया। हालांकि,बहुमत से वह 10 सीट पीछे रह गई। इसके बाद कांग्रेस के 5 विधायकों ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया,जिससे विजय का आंकड़ा 113 तक पहुंच गया। इसके बावजूद सरकार गठन के लिए अभी भी उन्हें अतिरिक्त समर्थन की जरूरत है।
विजय को इन पार्टी से समर्थन की उम्मीद
अब विजय की उम्मीदें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) पर टिकी हैं। इन तीनों दलों के पास कुल 6 विधायक हैं। यदि ये दल टीवीके को समर्थन देने का फैसला करते हैं, तो विजय आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर लेंगे और सरकार गठन का दावा पेश कर सकेंगे।
CPI, CPM और VCK की बैठक
सूत्रों के अनुसार,विजय ने इन दलों से औपचारिक रूप से समर्थन मांगा है। इसी मुद्दे पर विचार करने के लिए आज CPI, CPM और VCK की अलग-अलग बैठकें बुलाई गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन बैठकों के बाद तमिलनाडु की सत्ता का समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो सकता है।
विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से की मुलाकात
इस बीच विजय ने गुरुवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात भी की। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने विजय से कहा कि फिलहाल उनके पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन नहीं है। वहीं टीवीके लगातार अन्य दलों के संपर्क में है ताकि जल्द से जल्द बहुमत साबित किया जा सके।
8 मई को समर्थन के मुद्दे पर लिया जाएगा अंतिम निर्णय
वाम दलों और वीसीके ने भी संकेत दिए हैं कि वे जल्द अपना रुख स्पष्ट करेंगे। माकपा के प्रदेश सचिव शनमुगम ने कहा कि पार्टी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा कर रही है और 8 मई को समर्थन के मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं भाकपा के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने कहा कि शुक्रवार तक समर्थन को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
वीसीके प्रमुख ने की राज्यपाल की आलोचना
वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी वाम दलों के रुख के बाद अंतिम फैसला लेगी। उन्होंने राज्यपाल की आलोचना करते हुए कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया,जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
'टीवीके को सरकार बनाने का अवसर दिया जाए'
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एम ए बेबी ने भी राज्यपाल से अपील की है कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी टीवीके को सरकार बनाने का अवसर दिया जाए।
Written By: Geeta Sharma