तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वामपंथी दलों CPI और CPM के साथ-साथ VCK ने भी टीवीके सरकार को समर्थन देने का फैसला कर लिया है। हालांकि इन दलों की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक समीकरण लगभग स्पष्ट हो चुके हैं।
सरकार बनाने के लिए टीवीके को 11 विधायकों की जरूरत
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की। लेकिन विजय खुद 2 सीटों से चुनाव जीत गए हैं। संवैधानिक नियमों के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी,जिसके बाद टीवीके के विधायकों की संख्या 107 रह जाएगी। विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए टीवीके को 11 अतिरिक्त विधायकों की जरूरत थी। कांग्रेस पहले ही विजय को समर्थन देने का संकेत दे चुकी है और उसके 5 विधायक टीवीके के साथ बताए जा रहे हैं। इसके बाद भी विजय को 6 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी।
CPI, CPM और VCK का मिला समर्थन
अब यह कमी CPI, CPM और VCK के समर्थन से पूरी होती दिखाई दे रही है। 2026 विधानसभा चुनाव में CPI, CPM और VCK ने 2-2 सीटों पर जीत हासिल की है। तीनों दलों के कुल 6 विधायक हैं। यदि ये विधायक टीवीके का समर्थन करते हैं तो विजय के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत के आंकड़े तक पहुंच जाएगा।
विजय को सत्ता से दूर रखने के समर्थन में भाजपा
सूत्रों के अनुसार, CPI की बैठक समाप्त हो चुकी है और पार्टी ने अपने 2 विधायकों के समर्थन पत्र टीवीके नेता सीटीआर निर्मल कुमार को सौंप दिए हैं। CPM और VCK की बैठकों में भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि तीनों दल भाजपा और AIADMK को सत्ता से दूर रखने के लिए विजय को समर्थन देने के पक्ष में हैं।
तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू
यदि यह गठबंधन औपचारिक रूप लेता है तो तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा। लंबे समय से राज्य की राजनीति में DMK और AIADMK का दबदबा रहा है, लेकिन इस चुनाव में जनता ने एक नया विकल्प चुना है। DMK को जहां 59 सीटें मिली हैं, वहीं AIADMK 47 सीटों पर सिमट गई। दोनों प्रमुख दल अब विपक्ष की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
CPM, CPI और VCK की औपचारिक ऐलान पर सबकी नजरें
अब सभी की नजरें CPM, CPI और VCK की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। अगर समर्थन का औपचारिक ऐलान हो जाता है तो विजय जल्द ही सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। तमिलनाडु में पहली बार किसी फिल्म स्टार की पार्टी इतनी बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है, जिससे राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।
Written By: Geeta Sharma